विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 24, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

HSSC के चेयरमैन और सदस्यों ने संभाला कामकाज, हरियाणा में होंगी एक लाख भर्तियां

By Sunil Kumar JhaEdited By:
Published: Wed, 24 Mar 2021 09:39 PM (IST)

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के नए चेयरमैन और सदस्‍यों ने बुधवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। सीएम मनोहरलाल ने नए ...और पढ़ें

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेेयरमैन भोपाल सिंह ने कार्यभार संभाल लिया है।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेेयरमैन भोपाल सिंह ने कार्यभार संभाल लिया है।

चंडीगढ,जेएनएन। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के नव नियुक्त चेयरमैन भोपाल सिंह और आयोग के सदस्‍यों ने कार्यभार संभाल लिया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भोपाल सिंह को आयोग के चेयरमैन पद की शपथ दिलाई। आयोग के चेयरमैन ने अपने सहयोगी बाकी पांच सदस्यों में से चार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर भोपाल सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार की रीति-नीति के मुताबिक पारदर्शी ढंग से योग्यता व मैरिट के आधार पर भर्तियां की जाएंगी। राज्य सरकार का लक्ष्य अगले चार साल के भीतर एक लाख सरकारी नौकरियां प्रदान करने का है।

मुख्यमंत्री ने नए चेयरमैन भोपाल सिंह को दिलाई पद व गोपनीयता की शपथ

चंडीगढ़ के हरियाणा निवास में एक सादे समारोह में चेयरमैन और सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। भोपाल सिंह हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य थे। उन्होंने निवर्तमान चेयरमैन भारत भूषण भारती के साथ काम किया है। भारती को सरकार ने तीन-तीन साल के लिए दो बार चेयरमैन नियुक्त किया। उनकी टीम के सभी सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो चुका था, लेकिन भोपाल सिंह को सरकार ने चेयरमैन पद की नई जिममेदारी सौंपी है।

पांच सदस्यों में से चार को चेयरमैन ने दिलाई शपथ, पारदर्शी भर्तियां करने का वादा

भोपाल सिंह यमुनानगर जिले की छछरौली विधानसभा के गांव खदरी के रहने वाले हैं। वह पेश से किसान हैं। कानून की पढ़ाई में स्नातक होने के साथ ही उन्होंने आठ बार अलग-अलग विषयों में स्नातोक्तर की पढ़ाई की है। फिलहाल भी भोपाल सिंह कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में स्नतकोत्तर (लोक प्रशासन) के पहले साल के स्टूडेंट हैं। आयोग में पहले 11 सदस्य हुआ करते थे, लेकिन हरियाणा सरकार ने इन सदस्यों की संख्या 11 से घटाकर सात कर दी है। इसमें सरकार ने चेयरमैन भोपाल सिंह समेत छह सदस्य नियुक्त किए हैं। एक पद अभी भी भरा जा सकता है। मौजूदा प्रविधानों के अनुसार चेयरमैन 68 वर्ष की आयु तक और सदस्य 65 वर्ष की आयु तक ही आयोग में रह सकते हैं।

भोपाल सिंह की टीम में सदस्य के तौर पर पांच नई नियुक्तियां हुई हैं। इनमें मोहाली के न्यू चंडीगढ़ निवासी कंवलजीत सैनी, चरखी दादरी के विजय कुमार, पानीपत जिले के मतलौडा के सत्यवान शेरा, सोनीपत के रतनगढ़ निवासी विकास दहिया और हांसी के सचिन जैन शामिल हैं। मुख्य सचिव विजयवर्धन की ओर से नई नियुक्तियों के संबंध में अधिसूचना जारी की गई थी।

कंवलजीत सैनी को छोड़कर बाकी चारों सदस्यों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। भोपाल सिंह की गिनती राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के पुराने कार्यकर्ता और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के भरोसेमंद साथी के रूप में होती है। निवर्तमान चेयरमैन भारत भूषण भारती और संसदीय कार्य मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने आयोग की टीम को बधाई दी है।