Move to Jagran APP

तीन राज्यों में जीत से हरियाणा का कांग्रेस मुख्यालय हुआ गुलजार, सचिवालय सूना

राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में कांग्रेस के शानदार प्रदर्शन के बाद जहां हरियाणा कांग्रेस के मुख्यालय में जश्न का माहौल रहा।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Wed, 12 Dec 2018 09:28 AM (IST)Updated: Wed, 12 Dec 2018 04:24 PM (IST)
तीन राज्यों में जीत से हरियाणा का कांग्रेस मुख्यालय हुआ गुलजार, सचिवालय सूना
तीन राज्यों में जीत से हरियाणा का कांग्रेस मुख्यालय हुआ गुलजार, सचिवालय सूना

जेएनएन, चंडीगढ़। राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में कांग्रेस के शानदार प्रदर्शन के बाद जहां हरियाणा कांग्रेस के मुख्यालय में जश्न का माहौल रहा, वहीं सचिवालय में वीरानी छाई रही। पार्टी की जीत से उत्साहित हरियाणा कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता ढोल की थाप पर जमकर झूमे और मिठाइयां बांटी।

loksabha election banner

चंडीगढ़ के सेक्टर नौ स्थित प्रदेश कार्यालय में भारी संख्या में पार्टी नेताओं ने आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। इस दौरान हरियाणा कांग्रेस के उपाध्यक्ष जयपाल सिंह लाली, मीडिया इंचार्ज कुलदीप सोनी, बालमुकुंद शर्मा, पूर्व आइएएस अधिकारी प्रदीप कासनी, सहित पार्टी के कई नेता मौजूद थे। वहीं सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया।

उधर, चुनाव परिणामों के बाद हरियाणा सचिवालय में वीरानी छाई रही। सचिवालय में अधिकतर मंत्रियों के नहीं बैठने का फायदा उठाते हुए अफसर भी फील्ड में निकल गए और जरूरी काम निपटाए। कर्मचारी लगातार चुनाव नतीजों पर चर्चा करते रहे।

भाजपा की उल्टी गिनती शुरू : तंवर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि विधानसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। इसका श्रेय राहुल गांधी को जाता है। चुनाव परिणामों ने साफ कर दिया है कि भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। लोग मौजूदा सरकार की जनविरोधी नीतियों से तंग आ चुके और लोकसभा चुनावों में उन्होंने वोट की चोट से सत्ता परिवर्तन का पक्का इरादा कर लिया है।

भाजपा की नीतियों की विफलता पर मुहर : हुड्डा

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि तीन राज्यों में कांग्रेस को बहुमत मिलने से साबित हो गया कि देश के मतदाताओं का मन तेजी से बदला है। यह केंद्र और राज्यों में सत्तारूढ़ भाजपा सरकारों की नीतियों की विफलता का भी सबूत है। मौजूदा सरकार में हर वर्ग दुखी है जिसकी झलक उन्होंने चुनावों में दिखाई। आगामी लोकसभा और हरियाणा विधानसभा के चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

जनता ने दिखाया आईना : सुरजेवाला

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि जुमलेबाजी कर पूरे देश को गुमराह करती आ रही भाजपा की केंद्र और प्रदेश की सरकारों को लोगों ने आईना दिखा दिया है। केंद्र और हरियाणा में भाजपा की सरकार चंद दिनों की मेहमान है। अगले साल चुनाव के बाद दोनों जगह कांग्रेस की सरकार बनेगी।

झूठ पर सच की विजय : राठौर

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और बिहार के प्रभारी वीरेंद्र राठौर का कहना है ये परिणाम झूठ पर सच की विजय का प्रतीक हैं और अहंकारी रवैये के विरुद्ध फतवा है। जनता भाजपा की चालों को समझ गई है और अब इनके बहकावे में आने वाली नहीं। पार्टी अगले साल राहुल गांधी के नेतृत्व में भारी बहुमत से सत्ता में आकर लोगों की परेशानियों को दूर करेगी।

हरियाणा विधानसभा चुनावों पर दिखेगा असर : सोनी

कांग्रेस के मीडिया प्रभारी कुलदीप सोनी का कहना है इन विधानसभा चुनावों के परिणामों का प्रभाव हरियाणा विधानसभा के चुनावों पर भी निश्चित रूप से पड़ेगा। पूरा विश्वास है कि कांग्रेस हरियाणा में 80 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी सरकार बनाएगी। तीनों राज्यों में भाजपा को सत्ता से बेदखल कर जनता ने बता दिया है कि केवल जुमलेबाजी से उन्हें बरगलाया नहीं जा सकता।

लंबे कुशासन का अंत : अहमद

हरियाणा कांग्रेस के उपाध्यक्ष आफताब अहमद का कहना है तीनों राज्य के लोगों ने कांग्रेस को ऐतिहासिक जनादेश देकर लंबे कुशासन का अंत कर दिया है। राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने के एक साल के भीतर कांग्रेस ने जिस तरह भाजपा का तीन बड़े राज्यों से सफाया किया, उससे अगले साल लोकसभा चुनाव के बाद सत्ता परिवर्तन तय है। कांग्रेस देश और प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

सरकारी नीतियों की विफलता का सबूत : गर्ग

व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष बजरंग गर्ग का कहना है कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया सरकारी की नीतियों की विफलता का सबूत है। अगले साल लोकसभा और हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ऐसा ही प्रदर्शन कर सरकार बनाएगी। केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों से व्यापारी, उद्योगपति, किसान, कर्मचारी, मजदूर व आमजन दुखी है।

नफरत की राजनीति को जगह नहीं : बुवानीवाला

कांग्रेस नेता अशोक बुवानीवाला का कहना है आजादी के लिए स्वतंत्रता संग्राम का आगाज करने वाले तीनों राज्यों ने एक बार फिर तानाशाही के जरिये देश के लोकतांत्रिक हितों से खिलवाड़ करने वालों को सबक सिखाया है। आम जनता ने बता दिया है कि इस देश में नफरत की राजनीति की कोई जगह नहीं है। देश की जनता ने भाजपा में जो विश्वास जताया था, वह उस पर खरा उतरने पर पूरी तरह से विफल रही।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.