Move to Jagran APP

गुजरात-हिमाचल में जीत पर खिले भाजपाई, अब कांग्रेसियों का मंथन

गुजरात व हिमाचल में भाजपा की जीत पर पार्टी नेताओं ने हरियाणा में भी जश्न मनाया। उन्होंने इसे पीएम मोदी व पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की जीत बताया।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Mon, 18 Dec 2017 07:46 PM (IST)Updated: Mon, 18 Dec 2017 07:47 PM (IST)
गुजरात-हिमाचल में जीत पर खिले भाजपाई, अब कांग्रेसियों का मंथन
गुजरात-हिमाचल में जीत पर खिले भाजपाई, अब कांग्रेसियों का मंथन

जेएनएन, चंडीगढ़। गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत ने हरियाणा भाजपा में नया जोश भर दिया है। चंडीगढ़ में पार्टी मुख्यालय में जहां खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने कार्यकर्ताओं को जीत के लड्डू खिलाये, वहीं जिलों में मंत्रियों ने ढोल की थाप पर झूमते हुए समर्थकों का उत्साह बढ़ाया। कांग्रेसियों ने गुजरात चुनाव में हार का ठीकरा फिर से ईवीएम पर फोड़ा है। इनेलो नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस मजबूत विकल्प नहीं दे पाई जिससे भाजपा जीतने में कामयाब रही।

भाजपा ने महसूस कराई वास्तविक आजादी : मनोहर लाल


हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कहना है कि ठीक उसी तरह के चुनाव नतीजे आए, जैसे हमने मंथन शिविर खत्म होते ही मीडिया को बताए थे। देश बरसों से आजाद है, लेकिन लोगों ने कभी वास्तविक आजादी महसूस नहीं की थी। भाजपा ने देशवासियों को आजादी का अहसास कराया है। ऐसा वातावरण दिया है, जिसमें भ्रष्टाचार की कोई जगह नहीं है। मनोहर लाल के अनुसार भाजपा सरकारें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वïान पर जनहित के फैसले ले रही हैैं। सिर्फ हरियाणा की बात न करें तो पूरे देश में भाजपा के अनुकूल माहौल है। आगे भी भाजपा का ही परचम लहराएगा।

loksabha election banner

कांग्रेस सिर्फ सत्ता के सपने लेगी : बराला

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला का कहना है कि नोटबंदी व जीएसटी के फैसलों को विपक्ष ने सरकार के विरुद्ध भुनाने की कोशिश की, लेकिन फिर भी लोगों ने भाजपा के प्रति भरोसा जताया है, जिसका मतलब साफ है कि आने वाला कल भाजपा का है और कांग्र्रेस सिर्फ सत्ता के सपने लेगी। सुभाष बराला ने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को दिया।

राहुल का गुब्बारा फूटा : विज

हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के अनुसार राहुल गांधी कांग्र्रेस के लिए अपशुकन हैैं। राहुल गांधी का गुब्बारा गुजरात व हिमाचल के चुनाव में फूट गया है। उनकी ताजपोशी के बाद से तय हो गया था कि कांग्र्रेस हारने वाली है। उन्होंने दोनों राज्यों में भाजपा की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया है।

ईवीएम में गड़बड़ी करा जीत रही भाजपा : अजय यादव

हरियाणा के पूर्व सिंचाई मंत्री एवं कांग्र्रेस के वरिष्ठ नेता कैप्टन अजय यादव का कहना है कि दोनों राज्यों के चुनाव में राहुल गांधी जननेता के रूप में उभरकर सामने आए। उनके नेतृत्व में गुजरात में कांग्र्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया है। हम सांप्रदायिकता से तो लड़ सकते हैैं मगर ईवीएम से नहीं लड़ सकते। कैप्टन अजय ने भविष्य में तमाम चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग करते हुए कहा कि ईवीएम में गड़बड़ी कराकर भाजपा जीत रही है, लेकिन लोक उनकी सच्चाई जान गए हैैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के अगले और सक्षम प्रधानमंत्री होंगे।

जनता के भरोसे की जीत : कर्णदेव कांबोज

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री कर्णदेव कांबोज ने कहा कि दोनों राज्यों में पार्टी की सरकार बनेगी जो जनता के भरोसे की जीत है। इससे पूरे देश के भाजपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ और मनोबल बढ़ा है। गुजरात की जनता ने लगातार छठी बार भाजपा के विकास पर मुहर लगाई, जबकि हिमाचल में कांग्रेस के कुशासन को करारा जवाब दिया।

जनता का मूड समझना नहीं चाहती कांग्रेस : कविता जैन

शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने कहा कि यह देश की जनता का मूड है और कांग्रेस इसे समझना नहीं चाहती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भी पूरे देश में भाजपा की लहर है। पिछले तीन वर्षों में भाजपा सरकारों ने बेहतरीन कार्य किया है। इसी वजह से सभी राज्यों में जनता भाजपा के नेतृत्व पर विश्वास कर रही है।

आगे भी बनेगी भाजपा की ही सरकार-राजीव जैन

भाजपा मीडिया विभाग के चेयरमैन राजीव जैन के अनुसार भाजपा कार्यकर्ताओं को इसी उमंग व उत्साह के साथ बदलते विकासात्मक भारत में अपना योगदान देने के लिए तैयार रहना चाहिए। भविष्य में जहां भी चुनाव होंगे, वहां भाजपा की ही सरकार बनेगी।

कांग्रेस मुक्त देश की ओर बढ़ा कदम : राम बिलास शर्मा

शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा ने जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और निरंतर विकास के एजेंडे की जीत बताया। चुनाव परिणामों को जनता की उम्मीदों की जीत करार देते हुए उन्होंने कहा कि गुजरात में भाजपा ने छठी बार जीत का जो परचम फहराया, वह नरेंद्र मोदी द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री रहते कराए गए अभूतपूर्व विकास कार्यों की देन है। मतदाताओं ने जात-पात का जहर घोलने और वंशवाद की राजनीति करने वाली विचारधारा को आईना दिखाया और राष्ट्र निर्माण के एजेंडे पर समर्थन की मुहर लगाई है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में देश की जनता प्रधानमंत्री के काग्रेंस मुक्त भारत के सपने को साकार करेगी। 

भारत फिर बनेगा सोने की चिडिय़ा : राव नरबीर

लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने दावा किया कि अगर इसी तरह देशवासी लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों में विश्वास दिखाते रहे तो भारत वर्ष 2035 तक फिर से सोने की चिडिय़ा बन जाएगा।  ये चुनाव परिणाम तो वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों की बानगी मात्र हैं। देश में कोई अपवाद ही होगा जब लगातार छठी बार किसी पार्टी की सरकार बनी हो।  गुजरात में भाजपा को भले ही सीटें कम मिलीं, लेकिन वोट प्रतिशत में कमी नहीं आई है।

यह भी पढ़ेंः सरकार अब नया टैक्‍स नहीं लगाएगी, खुद के संसाधन से जुटाएगी धन


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.