'CEC का जाना तय, तेज करें आंदोलन...', राहुल-प्रियंका ने युवा कांग्रेसियों को दी जिम्मेदारी
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने केंद्रीय चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन में शामिल युवा कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की।
-1792083144656_m.webp)
राहुल-प्रियंका ने युवा कांग्रेसियों को दी आंदोलन तेज करने की जिम्मेदारी।
HighLights
राहुल-प्रियंका ने युवा कांग्रेस नेताओं से की मुलाकात।
CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का निर्देश।
कथित पुलिस बर्बरता पर जताया गहरा आक्रोश।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बृहस्पतिवार शाम को युवक कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवादल के उन प्रमुख नेताओं के साथ चाय पर चर्चा की, जिन्होंने दिल्ली में केंद्रीय चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध किए जा रहे इंडिया गठबंधन के आंदोलन में सक्रिय और प्रभावशाली भागीदारी की है।
इससे पहले उन्होंने कांग्रेस प्रभारियों व प्रदेश अध्यक्षों के साथ भी दिल्ली में चर्चा की थी। युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया हरियाणा की ओर से इस चर्चा में शामिल हुए।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची में गड़बड़ियों (एसआईआर) प्रक्रिया के खिलाफ चल रहे हालिया विरोध प्रदर्शनों के दौरान छात्रों और युवा कार्यकर्ताओं के साथ कथित पुलिस बर्बरता पर गहरा आक्रोश जताया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इस आंदोलन को पहले से अधिक तेज किया जाएगा और इसमें भागीदारी करने वाले किसी भी कार्यकर्ता को घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि केंद्रीय चुनाव आयुक्त का जाना तय है।
बैठक से लौटने के बाद युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने बताया कि बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब तथा राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा ने आंदोलन को भविष्य में भी प्रभावशाली तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में युवक कांग्रेस हरियाणा के प्रभारी सत्यवान गहलोत, सह प्रभारी प्रियंका चंदेलिया और सह प्रभारी मिमांसा आर्या ने भी भागीदारी की। प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया के अनुसार राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने बैठक में लोकतंत्र पर बढ़ते खतरों, युवाओं की समस्याओं और आगामी आंदोलनों की रूपरेखा पर विस्तृत से दिशा निर्देश दिए।
कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व इन सभी युवा और सेवा संगठनों को एकजुट कर आंदोलन में अपनी भूमिका को अधिक मजबूत करने को लेकर गंभीर है। राहुल गांधी ने युवा संगठनों के प्रयासों की सराहना की और स्पष्ट किया कि विपक्ष और उसके सभी विंग देश के युवाओं और छात्रों के अधिकारों के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
