उम्मीदवारों ने परिवार के साथ डाला वोट फिर किए दौरे
मतदान केंद्र पर जाकर वोट डाला और लोगों से भी समर्थन की अपील की।
जागरण संवाददाता, पंचकूला : लोकतंत्र के महापर्व में सोमवार को लोगों के साथ-साथ उम्मीदवारों ने भी अपने परिवार के साथ मतदान केंद्र पर जाकर वोट डाला और लोगों से भी समर्थन की अपील की। पंचकूला से भाजपा प्रत्याशी ज्ञानचंद गुप्ता ने सुबह सबसे पहले भगवान की पूजा अर्चना की जिसके पश्चात वे अपने घर से सेक्टर-17 स्थित विजय पब्लिक स्कूल में बने पोलिंग बूथ नंबर 114 की ओर रवाना हुए। इस दौरान उनकी पत्नी बिमला गुप्ता भी साथ थीं। गुप्ता पोलिंग बूथ में अपनी पत्नी बिमला गुप्ता व भाजपा के कार्यकर्ताओं व समर्थकों के साथ पहुंचे और मतदान किया। इससे पूर्व सुबह से ही भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों का उनके निवास स्थान पर तांता लगा रहा। कार्यकर्ताओं व समर्थकों के इस जोश के लिए गुप्ता ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। ज्ञानचंद गुप्ता ने मतदान करने के बाद पंचकूला क्षेत्र में विभिन्न बूथों को दौरा कर जायजा लिया और कार्यकर्ताओं से जनता की प्रतिक्रिया को भी जाना। जीत का भरोसा : चंद्रमोहन
कांग्रेस के उम्मीदवार चंद्रमोहन अपनी पत्नी सीमा बिश्नोई, बेटे सिद्धार्थ बिश्नोई, बहू शताक्षी बिश्नोई के साथ सेक्टर-8 स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल स्थित पोलिंग बूथ पर पहुंचे और मतदान किया। चंद्रमोहन ने अपने परिवार के साथ सुबह पूजा अर्चना के बाद वोट डाला। वोट डालने के बाद चंद्रमोहन ने ग्रामीण, शहरी एवं कॉलोनियों में बने पोलिग स्टेशनों का दौरा किया। साथ ही वोट प्रतिशत की जानकारी ली। सिद्धार्थ और शताक्षी भी बूथों पर कार्यकर्ताओं से जानकारी लेते हुए दिखाई दिए। चंद्रमोहन ने वोटिग के बाद अपनी जीत का भरोसा जताया है। निर्णायक साबित होंगे नतीजे : गौतम
जननायक जनता पार्टी के उम्मीदवार अजय गौतम ने अपनी पत्नी के साथ सेक्टर-20 स्थित सरकारी स्कूल में पोलिंग स्टेशन पर मतदान किया। अजय गौतम ने कहा कि मैंने अपना वोट युवाओं को रोजगार के लिए दिया है। अजय गौतम ने कहा कि दुष्यंत चौटाला चुनाव परिणाम के बाद निर्णायक भूमिका में होंगे। परिणाम सार्थक होंगे : चौधरी
इंडियन नेशनल लोकदल के उम्मीदवार करुणदीप चौधरी ने सेक्टर-12 स्थित बीएन पब्लिक स्कूल में मतदान किया। उनकी माता एवं पूर्व नगर परिषद प्रधान सीमा चौधरी ने भी उनके साथ मतदान किया। करुणदीप चौधरी ने कहा कि युवाओं ने हरियाणा में बेरोजगारी के खिलाफ मतदान किया है और उम्मीद है कि परिणाम सार्थक होंगे। उठाता रहूंगा लोगों की आवाज : शर्मा
आम आदमी पार्टी के पंचकूला के उम्मीदवार योगेश्वर शर्मा ने अपने परिवार के साथ मतदान किया। उन्होंने अपनी पत्नी, बेटे, बेटी, बहन व समर्थकों के साथ सेक्टर-16 में सेंट सोल्जर स्कूल में बने अपने बूथ पर जाकर करीब 11 बजे वोट डाला। शर्मा ने कहा कि यह महापर्व है जिसमें हम सभी को बढ़-चढ़कर भाग लेना ही चाहिए। वे अपने सभी मतदाताओं, समर्थकों, जानकारों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के सहयोग के लिए आभारी हैं। परिणाम चाहे कुछ भी हों, वे जनता के बीच रहेंगे तथा पहले की तरह आमजन की आवाज उठाते रहेंगे।