सकेतड़ी के पास सुखना चौ में उफान से लड़का डूबा, बारिश से क्षेत्र में हालत बिगड़े
पंचकूला के सकेतड़ी में सुखना चौ नाला में बारिश के कारण उफान आ गया। इसमें 15 साल का एक लड़का डूब गया।
जेएनएन, पंचकूला। शहर और अासपास के क्षेत्र में लगातार बारिश से लाेगों की मुसीबत हो गई। इस वजह से बरसाती नदी व नालों में भी उफान आ गया। सकेतड़ी में सुखना चौ नाले में उफान आने से एक 15 साल का लड़का डूब गया। वह पानी की तेज धारा में बह गया। उसकी तलाश में एनडीआरएफ की टीम जुटी हुई है।
पंचकूला और आसपास के क्षेत्र में रविवार रात से ही बारिश हो रही है। सोमवार सुबह को भी जमकर बारिश हुई। इससे बरसाती नदी व नालों में उफान आ गया। सकेतड़ी में सुखना चौ नाले में भी उफान आने से एक 15 साल का लड़का इसमें घिर गया और पानी की तेजधारा में बह गया। लड़के का नाम रंजीत बताया जाता है।
घटना की जानकारी मिलते ही भारी संख्या में लाेग पहुंच गए। माैके पर एनडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई और गोताखोर लड़के की तलाश में जुट गए। घटना की जानकारी मिलते ही मनसा देवी थाना के प्रभारी कर्मवीर भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
यह भी पढ़ें: 19 बार एक्सटेंशन व 10 साल तक वेतन एक रुपया, यह हैं सर्जिकल स्टाइक के हीरो के पिता
उधर, लगातार बारिश से क्षेत्र में कई जगह गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। घग्गर नदी में भी भारी उफान आ गया है। उफान से गांव चौकी और छोटी चौकी के बीच बने पुल का बड़ा हिस्सा बह गया। दोनों गांवों का संपर्क टूट गया। गुरुद्वारा नाडा साहिब के पास नेशनल हाईवे नंबर 73 पर नाडा साहिब पुल का हिस्सा भी बह गया। इस कारण पुलिस ने नेशनल हाईवे के प्रभावित हिस्से पर आवाजाही रोक दी। नाडा साहिब गांव में लोगों की कई भैंसे और झुग्गियां भी बह गईं।
घग्गर नदी में हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों से आए बरसाती पानी से जलस्तर बढ़ गया है। घग्गर नदी ने विकराल रूप धारण कर लिया है। इससे नदी के आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।