भाजपा-जजपा सरकार ज्यादा दिन नहीं चलने वाली : सैलजा
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि जिस सरकार ने मंत्रिमंडल तय करने में इतनी देरी की वह जनता के काम करने में कितनी देर लगाएगी।
जासं, पंचकूला : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि जिस सरकार ने मंत्रिमंडल तय करने में इतनी देरी की, वह जनता के काम करने में कितनी देर लगाएगी। सरकार की कार्य प्रणाली से साफ जाहिर है कि भाजपा-जजपा गठबंधन की विचारधारा ही नहीं मिल रही है। ऐसे में तय है कि यह सरकार ज्यादा दिन नहीं चलने वाली।
कुमारी सैलजा वीरवार को हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस की ओर से सेक्टर -6 में आयोजित प्रदेश स्तरीय नेहरु जयंती कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन कुंडू ने की। कार्यक्रम में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं हरियाणा के प्रभारी दीपक भाटी चोटीवाला तथा राष्ट्रीय संयोजक शिवी चौहान विशेष तौर पर पहुंचे। यूथ कांग्रेस की पंचकूला इकाई के जिलाध्यक्ष मुकेश सिरसवाल ने कुमारी सैलजा को कांग्रेस का पटका पहनाकर स्वागत किया। कहा- भाजपा ने हर वर्ग के साथ किया धोखा
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग के साथ धोखा किया है, जिसमें किसान भी हैं और आज वह आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो रहे हैं। सैलजा ने कहा कि आनन-फानन में भाजपा ने अपनी सरकार बनाई और उन लोगों के साथ अपनी सरकार बनाई है, जिनके साथ उनकी विचारधारा मिलती ही नहीं थी।
गांधी परिवार की सुरक्षा में कमी के मुद्दे पर की सरकार की आलोचना
कुमारी सैलजा ने गांधी परिवार की सुरक्षा में कमी किए जाने पर भाजपा सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार सत्ता के नशे में कांग्रेसी नेताओं के नाम मिटाना चाहती है, चाहे वह नेहरू हों या अन्य नेता। सैलजा ने कहा कि गांधी परिवार ने देश के लिए कुर्बानियां दी और आज भाजपा सरकार द्वारा सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी की सिक्योरिटी हटाई गई है, जिसका वह विरोध करती हैं। कांग्रेस इस मामले को लेकर प्रदर्शन भी करेगी। कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
इस अवसर पर कालका के विधायक प्रदीप चौधरी, सढौरा की विधायक रेणू बाला, पूर्व सीपीएस रामकिशन गुर्ज्जर, हरियाणा महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, राष्ट्रीय संयोजक रंजीता मेहता, पूर्व मेयर उपिद्र कौर आहलुवालिया, सीमा बिश्नोई, पूर्व पार्षद लिली बावा, जलमेघा दहिया, पवन मित्तल, पूर्व विधायक लहरी सिंह, शशी शर्मा, राजबीर चौधरी, सुषमा खन्ना, नवदीप शर्मा, एनएसयूआइ के अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा, कालका हल्का अध्यक्ष अजुर्न राणा, उपाध्यक्ष चंचल शर्मा, महासचिव राजेंद्र सैनी, पूर्व चेयरमैन बरखा राम, बृज भूषण शर्मा, सोमगिरी, एसपी अरोड़ा उपस्थित थे।