हरियाणा में रथयात्रा के जरिये BJP करेगी चुनावी आगाज, PM मोदी भी आएंगे रणनीति पर चर्चा करने
हरियाणा में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सत्तारूढ़ भाजपा राज्य में रथयात्रा निकालेगी। इसके जरिये भाजपा सरकार अपने पांच साल के कार्यकाल का हिसाब देगी।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सत्तारूढ़ भाजपा राज्य में रथयात्रा निकालेगी। इसके जरिये भाजपा सरकार न केवल अपने पांच साल के कार्यकाल का हिसाब देगी, बल्कि भविष्य की योजनाओं से अवगत कराते हुए सुशासन और भ्रष्टाचार रहित व्यवस्था को आगे बढ़ाने का वादा करेगी। रथयात्रा का आगाज 25 अगस्त से होने की संभावना है, जो 10 सितंबर तक चलेगी। इसके तुरंत बाद राज्य में चुनाव आचार संहिता लग सकती है।
सीएम निवास पर हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार की गई। बैठक में हाल ही में भाजपा में शामिल विधायक भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इन विधायकों का पार्टी में स्वागत करते हुए अपनी पार्टी के विधायकों से कहा कि वे भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं के साथ तालमेल बनाकर चलें, ताकि उन्हें अपनेपन का अहसास हो तथा वे मिलकर पार्टी के लिए काम करें।
बैठक में 29 जून को रोहतक में होने वाली भाजपा प्रदेश कार्यसमिति पर भी चर्चा हुई। तय हुआ कि छह जुलाई को सदस्यता अभियान शुरू किया जाए, जो एक माह तक चलेगा। इसी दिन यमुनानगर में सहकारिता दिवस पर राज्यस्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय सहकारिता मंत्री नरेंद्र तोमर तथा मुख्यमंत्री मनोहर लाल शामिल होंगे।
बैठक में लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं खासकर पन्ना प्रमुखों को श्रेय दिया गया। साथ ही तय हुआ कि विधानसभा चुनाव के लिए नए सिरे से पन्ना प्रमुखों की सूची तैयार की जाए। राज्य में करीब तीन लाख पन्ना प्रमुख काम करते हैं। इस नई सूची के अपडेट होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पन्ना प्रमुखों के राज्यस्तरीय सम्मेलन में बुलाया जाएगा, ताकि चुनाव की रणनीति पर चर्चा हो सके।
विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विधायकों को निर्देश दिए कि वे मुख्यमंत्री घोषणाओं की अपने स्तर पर समीक्षा कर रिपोर्ट तैयार करें तथा उन्हें सौंपें। मुख्यमंत्री स्तर पर घोषणाओं की समीक्षा होती रहती है, लेकिन सही स्थिति जानने के लिए विधायकों के स्तर पर भी समीक्षा होनी चाहिए। सीएम ने विधायकों से कहा कि वे ज्यादा से ज्यादा नए सदस्य पार्टी के साथ जोड़ें। उन्होंने विधायकों से कहा कि वे किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लें तथा उनके समाधान की दिशा में कदम उठाएं।
लोकतंत्र के प्रहरियों के सम्मान में सीएम का डिनर
हरियाणा के भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने लोकतंत्र के तमाम प्रहरियों के सम्मान में अपने निवास पर रात्रि भोज का आयोजन किया। मुख्यमंत्री खुद इस रात्रि भोज में शामिल हुए। इससे पहले पंचकूला में मशाल जुलूस निकाला गया। रात को मुख्यमंत्री ने डिनर के बाद टैगोर थियेटर चंडीगढ़ में लोकतंत्र के प्रहरियों का सम्मान किया। इस दिन देश में इमरजेंसी लगी थी।
रथयात्रा में केंद्र व राज्य की योजनाएं पहुंचेगी घर-घर
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला का कहना है कि भाजपा हर बूथ पर पन्ना प्रमुख की सूची बनाने जा रही है। पूरे राज्य का प्रांतीय पन्ना प्रमुख सम्मेलन कराया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री को बुलाने की योजना है। प्रदेश भर में 10 सितंबर से पहले रथयात्रा निकालने की तैयारी है। 15 से 17 दिन की यह रथयात्रा होगी, जिसमें केंद्र-प्रदेश सरकार की योजनाओं को आमजन और घर-घर तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। अकाली दल के साथ हमारी अभी सीटों पर कोई बात नहीं हुई। मैंने यह कभी नहीं कहा कि अकाली दल के साथ हमारा कोई गठबंधन नहीं है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप