Move to Jagran APP

नगर निगमों और जींद में जीत के जोश को लोकसभा चुनाव में कैश करेगी भाजपा

भाजपा ने हरियाणा में लोकसभा चुनाव के लिए रणनीति तैयार कर ली है। पिछले दिनों पांच नगर निगमों के चुनाव और जींद उपचुनाव में जीत के जोश का लोकसभा चुनाव में इस्‍तेमाल करेगी।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Mon, 04 Feb 2019 05:43 PM (IST)Updated: Tue, 05 Feb 2019 08:52 AM (IST)
नगर निगमों और जींद में जीत के जोश को लोकसभा चुनाव में कैश करेगी भाजपा
नगर निगमों और जींद में जीत के जोश को लोकसभा चुनाव में कैश करेगी भाजपा

चंडीगढ़, [अनुराग अग्रवाल]। जाटों के गढ़ जींद में पहली बार कमल खिलाने के बाद हरियाणा भाजपा को अब मिशन 2019 की राह आसान नजर आने लगी है। पहले नगर निगम और फिर जाटलैंड में शानदार जीत से न केवल सरकार, बल्कि पार्टी संगठन के हौसले बढ़े हुए हैं। भाजपा भले ही लोकसभा और विधानसभा चुनाव अलग-अलग समय पर कराने का दावा कर रही, लेकिन जींद में बने माहौल को भुनाने का सरकार कोई मौका हाथ से नहीं जाने देगी। भाजपा संगठन और सरकार दोनों स्थितियों के लिए तैयार हैं।

prime article banner

अगले चुनाव में चलेगा गैर जाट कार्ड, गांवों में भी जनाधार बढ़ा रही भाजपा

आगामी चुनावों में मुख्यमंत्री मनोहर लाल को चेहरा बनाकर चल रही भाजपा का गैर जाट कार्ड पहले निगम चुनाव और अब जींद उपचुनाव में कारगर रहा है। हालांकि निगम चुनावों और जींद विधानसभा उपचुनाव में पार्टी को बड़ी संख्या में जाट वोट भी मिले, लेकिन जीत में गैर जाट मतों की एकजुटता बड़ी काम आई। पार्टी इसी रणनीति को आगे बढ़ाते हुए संसदीय और विधानसभा चुनावों में मैदान में उतरेगी।

सरकार और संगठन का हो रहा रिपोर्ट कार्ड तैयार, चुनाव के लिए पार्टी तैयार

लगातार जीत के बावजूद हाल ही में हुई विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने साफ कर दिया कि बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को अपनी मजबूत पकड़ बरकरार रखनी होगी। चुनावी साल में थोड़ी सी ढिलाई पार्टी के लिए घातक हो सकती है। भाजपा की कोर कमेटी और लोकसभा चुनाव समिति की बैठक में भी नेताओं को यही मूल मंत्र मिला है। रही सही कसर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 फरवरी के कुरुक्षेत्र और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के 25 फरवरी को हिसार दौरे के बाद पूरी हो जाएगी।

मोदी और अमित शाह लगाएंगे रिपोर्ट कार्ड पर मुहर

चुनावी तैयारियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह हरियाणा आ रहे हैं। उनके दौरे को मिशन 2019 की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री और शाह के सामने प्रदेश सरकार और संगठन का रिपोर्ट कार्ड रखा जाएगा। सरकार के स्तर पर जहां सभी विभागों से मौजूदा सरकार के सवा चार साल में हुए कार्यों और नीतियों की क्रियान्वयन रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है, वहीं संगठन भी गतिविधियों का ब्योरा तैयार करने में लगा है। अमित शाह सरकार की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका का विमोचन करेंगे जिसे भाजपा पदाधिकारी घर-घर जाकर लोगों से साझा कर उन्हें पार्टी से जोडऩे की कोशिश करेंगे। 

भाजपा में दिख सकते विपक्षी दलों के दिग्गज

मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने इस बात से इन्‍कार नहीं किया कि दूसरे दलों के कई बड़े नेता जल्द ही भाजपा का दामन थाम सकते हैैं। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी दलों के सांसद एवं कई विधायक भाजपा के संपर्क में हैैं। इसके बावजूद भाजपा अपनी पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को संगठन व सरकार में अहमियत देगी।

'आमजन में पैठ बढ़ाएगा भाजपा संगठन'

केंद्र और प्रदेश सरकारों की नीतियों को घर-घर पहुंचाने के लिए पार्टी जल्द ही बड़े स्तर पर अभियान चलाएगी। 10 फरवरी से 25 फरवरी तक अंबाला, गुरुग्राम और हिसार में शक्ति केंद्र प्रमुखों के सम्मेलन होंगे। 12 फरवरी को सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घर कमल दीपक जलाए जाएंगे। 24 फरवरी को सभी मंत्री और विधायक आमजन के बीच बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनेंगे। 2 मार्च को सभी हलकों में मोटरसाइकिल यात्राएं निकाली जाएंगी। लोकसभा क्षेत्रों में युवा संसद और बुद्धिजीवी सम्मेलन रखे गए हैं। विधायकों को निर्देश दिए गए हैैं कि लोगों के वाजिब कामों को प्राथमिकता से निपटाएं।

                                                                 - सुभाष बराला, विधायक एवं अध्यक्ष, हरियाणा भाजपा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.
OK