'BJP में युवाओं का सम्मान, Gen-Z का बढ़ रहा रुझान'; नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बोले अनिल विज
अनिल विज ने कहा कि भाजपा युवाओं के लिए बेहतरीन मंच है और आंतरिक लोकतंत्र के कारण जेन-जी को आकर्षित ...और पढ़ें
-1768829085930_m.webp)
नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर क्या बोले अनिल विज? फोटो जागरण
HighLights
भाजपा युवाओं के लिए बेहतरीन मंच, जेन-जी आकर्षित।
अनिल विज ने भाजपा के आंतरिक लोकतंत्र की सराहना की।
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने की भविष्यवाणी की।
राज्य ब्यूरो, अंबाला/नई दिल्ली। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि भाजपा एक संगठनात्मक पार्टी है, जिसमें युवाओं के लिए काम करने के बहुत अवसर हैं। नितिन नवीन के भाजपा की बागडोर संभालने से युवाओं में बहुत आकर्षण है और जेन-जी को यह लगता है कि भाजपा में युवाओं का सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र नहीं है, वह देश के लोकतंत्र की रक्षा नहीं कर सकती है।
अनिल विज सोमवार को नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में भागीदारी करने आए हुए थे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बाकी पार्टियों में रिटायरमेंट के आसपास राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाता है या पारिवारिक बुजुर्ग स्वर्ग सिधार जाए तो उसकी संतान को बनाया जाता है। देशभर में केवल भाजपा में ही प्रजातंत्र है, जिसमें चुनाव नीचे से ऊपर होते हैं। अन्य पार्टियों में ऊपर से नीचे होते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा में पहले वार्ड का चुनाव होगा, फिर मंडल का चुनाव होगा और फिर जिला का चुनाव होगा, फिर प्रदेश का चुनाव होगा। उसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होता है, जबकि बाकी पार्टियों में राष्ट्रीय अध्यक्ष तय होते हैं, क्योंकि वे पारिवारिक हैं। ये तो एक प्रकार से एजेंसियां हैं और इनमें डिस्ट्रीब्यूटरशिप चलती रहती है।
उन्होंने कहा कि नितिन नवीन राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे जिसके बाद भाजपा और भी मजबूत होगी। पश्चिम बंगाल में हाल ही में बीएलओ की मृत्यु को लेकर उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की स्थिति बहुत ही चिंताजनक है। वहां पर कानून का राज नहीं चलता है। वहां पर ममता का राज चलता है। आने वाले चुनाव में भाजपा वहां अपनी सरकार बनाने जा रही है और जनता का राज कायम होगा।
