हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तैयारी में भाजपा, बनेगी संकल्प पत्र कमेटी
हरियाणा में लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में पूरी सरकार हलके-फुलके मूढ में नजर आई।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा में लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में पूरी सरकार हलके-फुलके मूड में नजर आई। सभी मंत्री और विधायक जहां भाजपा की संभावित जीत की खुमारी में रंगे दिखाई दिए, वहीं मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सभी मंत्रियों और विधायकों को अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने के निर्देश दिए। मतगणना के दिन 23 मई को सभी मंत्री और विधायक अपने-अपने हलकों में रहेंगे।
लोकसभा चुनाव के संभावित नतीजों पर मंत्रियों-विधायकों से फीडबैक हासिल करने के बाद सरकार ने विधानसभा चुनाव के लिए संकल्प पत्र कमेटी बनाने का निर्णय लिया है। भाजपा ने पिछले चुनाव में प्रदेश की जनता से 154 वादे किए थे। अधिकतर वादे पूरे हो जाने का दावा किया जा रहा है। भाजपा अब नए सिरे से राज्य के लोगों के लिए चुनाव घोषणा पत्र तैयार करेगी, जिसे संकल्प पत्र का नाम दिया गया है। इसके लिए विधायकों को सुझाव देने के निर्देश दिए गए हैैं। यह संकल्प पत्र भाजपा के विधानसभा चुनाव की तैयारी के रोडमैप का पहला पार्ट है।
बैठक में शिक्षा एवं संसदीय कार्य मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा पूरे फॉर्म में दिखे। उन्होंने रोहतक लोकसभा सीट का चुनाव पूरी दिलेरी से लड़ाने पर राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर पीठ थपथपाई। यहां से कांग्रेस के दीपेंद्र हुड्डा और भाजपा के डा. अरविंद शर्मा चुनाव लड़ रहे हैैं। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, उद्योग मंत्री विपुल गोयल और वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु समेत हालांकि कुछ मंत्री और विधायक बैठक में नहीं थे, लेकिन हाल ही में पार्टी में शामिल हुए दूसरे दलों के विधायकों रणबीर गंगवा तथा केहर सिंह रावत के साथ रहीस खान भी भाजपा के रंग में रंगे नजर आए।
संकल्प पत्र के लिए सुझाव देंगे भाजपा विधायक
मुख्यमंत्री मनोहर लाल, विधानसभा स्पीकर कंवरपाल गुर्जर, संसदीय कार्य मंत्री रामबिलास शर्मा और हरियाणा भाजपा के प्रधान सुभाष बराला ने विधायकों से खुला संवाद दिया। मुख्यमंत्री ऐसा संवाद एक दिन पहले रोहतक में संगठन के लोगों के साथ कर चुके हैं। मुख्यमंत्री विधायकों के साथ प्रदेश में चलने वाले विकास कार्यों पर भी चर्चा की। उन्होंने संकल्प पत्र कमेटी बनाने की बात कहते हुए विधायकों से सुझाव मांगे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में भविष्य में किए जाने वाले विकास कार्यों तथा जनहितैषी, जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर विधायकों से सुझाव लिए जाएंगे।
फील्ड में सक्रिय हो जाएं मंत्री और विधायक
मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा कि वे घर बैठने के बजाय फील्ड में जनता के बीच सक्रिय हो जाएं। विधायकों से कहा गया कि वे चुनाव आचार संहिता खत्म होने के बाद लंबित विकास कार्यों में तेजी लाएं। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि 23 मई को लोकसभा चुनाव की मतगणना के बाद पार्टी जश्न के लिए तैयार है। इस दिन सभी विधायक अपने अपने क्षेत्र में रहेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल चंडीगढ़ या रोहतक में रहेंगे।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप