Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Haryana Politics: अगले सप्ताह मिलेगा BJP को नया प्रदेश अध्यक्ष, बडौली के अलावा कई नेताओं की दावेदारी मजबूत

    Updated: Thu, 20 Mar 2025 05:01 PM (IST)

    हरियाणा में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव अगले हफ्ते होगा। भाजपा ने राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह को प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। मोहन लाल बडौली के अवावा कई नेताओं की दावेदारी मजबूत है। जिला अध्यक्ष के चुनाव के बाद अब जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होगा। प्रदेश अध्यक्ष के चयन के लिए भी मतदान की नौबत नहीं आएगी।

    Hero Image
    हरियाणा को जल्द मिलेगा बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष। फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में भाजपा के 27 जिलाध्यक्षों की चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया आरंभ होगी। भाजपा ने राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह को प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    संभावना है कि अगले सप्ताह प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही तीन दिनों के भीतर नया अध्यक्ष चुन लिया जाएगा। जिस तरह से 27 जिलाध्यक्षों के चयन के लिए मतदान की नौबत नहीं आई, उसी तरह से प्रदेश अध्यक्ष के चयन के लिए भी मतदान की नौबत नहीं आएगी। हालांकि, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए दावेदारी जताने का मौका जरूर देगी।

    दुष्कर्म के मामले को बना रहे मुद्दा

    फिलहाल मोहन लाल बडौली हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष हैं। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली के नेतृत्व में राज्य में विधानसभा चुनाव लड़ा गया तथा तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी। मोहन लाल बडौली को प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभाले हुए अभी नौ माह हुए हैं।

    बीच में उन पर महिला के साथ दुष्कर्म के आरोप लगे, लेकिन उन्हें इन आरोपों से पूरी तरह मुक्ति मिल चुकी है। प्रदेश अध्यक्ष बनने के तलबगार बडौली के विरोध हाईकमान में उनके विरुद्ध दर्ज हुए दुष्कर्म के मामले को मुद्दा बना रहे हैं। पार्टी को फैसला करना है कि दोबारा मोहन लाल बडौली को अध्यक्ष बनाया जाना है अथवा किसी नये चेहरे को दायित्व सौंपा जा सकता है।

    नोटिफिकेशन जारी होने के बाद प्रधान बनने के आवेदन का मौका

    भाजपा में आधा दर्जन नेता प्रदेश अध्यक्ष के पद के प्रबल दावेदार हैं। ब्राह्मण, जाट, वैश्य, दलित और पंजाबी नेता प्रदेश अध्यक्ष के लिए लॉबिंग करने में जुटे हैं। केंद्रीय पर्यवेक्षक अरुण सिंह की ओर से किसी भी समय प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है।

    नोटिफिकेशन जारी होने के बाद प्रधान बनने के इच्छुक नेताओं को आवेदन करने का मौका दिया जाएगा। आवेदन के बाद उसी दिन नामांकन-पत्रों की छंटनी होगी और शाम तक नाम वापस लिए जाएंगे। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले दिन अरुण सिंह की अध्यक्षता में बैठक होगी और उसमें प्रदेशाध्यक्ष के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा।

    प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में हरियाणा से 117 मतदाता

    हरियाणा के भाजपा संगठन में प्रदेश अध्यक्ष पद के चयन के लिए कुल 117 वोटर हैं। इनमें सभी 27 जिलाध्यक्षों को मतदान करने का अधिकार प्राप्त है। इसी तरह सभी 90 हलका अध्यक्ष भी प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में मतदाता की भूमिका में होंगे।

    प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए इन सभी मतदाताओं को रोहतक या पंचकूला स्थित भाजपा के राज्य कार्यालयों में बुलाया जा सकता है। पार्टी की कोशिश प्रदेश अध्यक्ष के पद पर सर्वसम्मति से नाम चयनित करने की होगी।

    27 अक्टूबर 2023 को ओमप्रकाश धनखड़ की जगह नायब सिंह सैनी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने थे। 12 मार्च 2024 को नायब सिंह सैनी प्रधान रहते हुए मनोहर लाल के इस्तीफे के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री बने। लोकसभा चुनाव नायब सैनी के नेतृत्व में लड़ा गया।

    इसके बाद नौ जून 2024 को नायब सिंह सैनी के इस्तीफे के बाद राई के विधायक रह चुके और पूर्व प्रदेश महामंत्री मोहनलाल बड़ौली को भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। इस बार पार्टी ने उन्हें विधानसभा चुनाव नहीं लड़वाया, बल्कि उनके नेतृत्व में चुनाव लड़े गए।

    यह भी पढ़ें- Haryana News: विधानसभा में फिर उठा इंस्पेक्टर भर्ती का मुद्दा, भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कही इस्तीफा देने की बात