Move to Jagran APP

नगर निगम चुनावः मेयर चुनाव में दांव पर भाजपा व इनेलो की प्रतिष्ठा

सत्ता का सेमीफाइनल माने जा रहे मेयर चुनाव को लेकर भाजपा के जवाब में अब इनेलो भी आक्रामक अंदाज में मैदान में उतरी है।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Tue, 11 Dec 2018 09:48 AM (IST)Updated: Wed, 12 Dec 2018 04:23 PM (IST)
नगर निगम चुनावः मेयर चुनाव में दांव पर भाजपा व इनेलो की प्रतिष्ठा
नगर निगम चुनावः मेयर चुनाव में दांव पर भाजपा व इनेलो की प्रतिष्ठा

जेएनएन, चंडीगढ़। सत्ता का सेमीफाइनल माने जा रहे मेयर चुनाव को लेकर भाजपा के जवाब में अब इनेलो भी आक्रामक अंदाज में मैदान में उतरी है। पांचों नगर निगमों में भाजपा ने जहां पहले से अपने मंत्रियों-विधायकों के साथ संगठन पदाधिकारियों को मैदान में उतार रखा है, वहीं अब इनेलो ने भी रणनीति बदलते हुए सांसद-पूर्व सांसदों, पूर्व मंत्रियों, विधायक-पूर्व विधायकों और संगठन पदाधिकारियों को मैदान में उतारा है। इतना ही नहीं, मुस्लिमों और पिछड़े वर्गों को लुभाने के लिए उसी बिरादरी से संबंधित विधायकों की ड्यूटी लगाई गई है।

loksabha election banner

यमुनानगर, पानीपत, करनाल, हिसार और रोहतक में मेयर और पार्षदों के लिए 16 दिसंबर को मतदान होना है। भाजपा ने पहले से ही अपने प्रत्याशियों के पक्ष में साथ लगते जिलों के पदाधिकारियों की पूरी फौज मैदान में उतार रखी है। इसके चलते इनेलो ने भी रणनीति बदलते हुए संबंधित क्षेत्रों में साथ लगते जिलों के पार्टी पदाधिकारियों को डेरा डालने का निर्देश दिया है। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद ही यह पदाधिकारी वापस लौटेंगे।

इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा को करनाल और यमुनानगर का चुनाव प्रभारी बनाया गया है जो गठबंधन की सांझी प्रत्याशी आशा मनोज वधवा और संदीप गोयल का प्रचार करेंगे। करनाल में कैथल व कुरुक्षेत्र तथा यमुनानगर में पंचकूला और अंबाला के पदाधिकारी लगाए गए हैं। पानीपत में प्रत्याशी प्रियंका कश्यप के चुनाव प्रभार का जिम्मा राज्य सभा सदस्य रामकुमार कश्यप, विधायक जाकिर हुसैन और पूर्व विधायक कलीराम पटवारी को दिया गया है। सोनीपत, फरीदाबाद और पलवल के पदाधिकारी उनकी मदद करेंगे।

सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, विधायक रणबीर गंगवा, वेद नारंग, बलवान सिंह और पूर्व विधायक राजकुमार सैनी हिसार के प्रभारी होंगे। यहां के उम्मीदवार अमित सैनी के लिए फतेहाबाद, सिरसा, भिवानी, उचाना और नरवाना के पदाधिकारी प्रचार करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ रोहतक में पूर्व मंत्री रामपाल माजरा, पूर्व डिप्टी स्पीकर गोपीचंद गहलोत, विधायक परमिंद्र ढुल और नसीम अहमद को प्रभारी बनाया गया है। यहां पार्टी प्रत्याशी संचित नांदल के लिए दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, जींद, झज्जर और गुरुग्राम के पदाधिकारियों को प्रचार अभियान की जिम्मेदारी मिली है।

16 को सरकारी कार्यालयों और निजी प्रतिष्ठानों में सार्वजनिक अवकाश

सरकार ने 16 दिसंबर को स्थानीय निकायों के चुनाव के चलते पांचों नगर निगमों और फतेहाबाद की जाखल मंडी व कैथल की पूंडरी नगर पालिका क्षेत्र के मतदाताओं के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस दिन सभी सरकारी कर्मचारियों और फैक्ट्री, वाणिज्यिक संस्थानों व दुकानों में कार्यरत लोगों को मतदान के लिए छुट्टी रहेगी।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.