Bigg Boss14 फेम सोनाली फोगाट राजनीति संग करेंगी एक्टिंग भी, जानें अली गोनी को लेकर क्या कहा
हरियाणा की भाजपा नेता व बिग बाॅस 14 फेम सोनाली फोगाट सियासत के साथ-साथ अभिनय के क्षेत्र में भी सक्रिय होंगी। वह हिसार के आदमपुर से मुंबई तक सक्रिय रहेंगी। अली गोनी को लेकर उन्होंने कहा कि अली अच्छा व्यक्ति है लेकिन वह लक्ष्मणरेखा का पालन करेंगी।
चंडीगढ़, जेएनएन। टीवी रियलिटी शो बिग बॉस14 (Bigg Boss14) से पूरे देश में चर्चित हुईं हरियाणा की भाजपा नेता सोनाली फोगाट (Sonali Phogat) अब नई पारी शुरू करने वाली हैं। रियलिटी शो बिग बॉस (Bigg Boss) से बाहर होने के बाद उन्होंने आगे के लिए अपनी प्लानिंग तैयार कर ही है। धाकड़ महिला नेता सोनाली अब सियासत के साथ-साथ अभिनय के मैदान में भी खुलकर आएंगी। बताया जाता है कि हरियाणा भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े ने उन्हें अभिनय में किस्मत आजमाने की छूट दे दी है। इसके साथ ही अपने हिसार के आदमपुर विधानसभा क्षेत्र में भी सक्रिय रहने की नसीहत दी है, जहां वह पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई को टक्कर दे चुकी हैं। ऐसे में सोनाली मुंबई से आदमपुर तक सक्रिय रहेंगी।
अली गोनी के संग डेट पर जाने की बात को किया खारिज, नहीं लाघेंगी लक्ष्मण रेखा
रियलिटी शो बिग बाॅस14 (Bigg Boss14) में वाइल्ड कार्ड से एंट्री करनेवाली सोनाली फोगाट शो में 33 दिन रहीं। वह बिंदास अंदाज में रियलिटी शो में अपने 33 दिन के सफर को साझा करती हैं। शो के दौरान साथी प्रतिभागी अली गोनी को प्रपोज कर बुरी तरह ट्रोल हुईं सोनाली ने कहा कि गोनी ने उन्हें डेट पर जाने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन उन्होंने इन्कार कर दिया। वह किसी भी सूरत में लक्ष्मण रेखा नहीं लाघेंगी। अली उन्हें ऐसे ही अच्छे लगते हैं जैसे धर्मेंद्र पाजी। वे दोस्त से ज्यादा कुछ नहीं हैं।
सोनाली फोगाट (Sonali Phogat) ने बताया कि बिग बाॅस 14 (Bigg Boss14) के घर से बाहर आने के बाद उनके सामने फिल्मों के खूब प्रस्ताव आ रहे हैं। उन्होंने पंजाबी फिल्म जुगनू व एक हिंदी फिल्म में काम करने की हामी भर ली है। वह जल्द ही दिल्ली में एक गाने की शूटिंग भी करती नजर आएंगी। इसके अलावा अगर बिग बाॅस (Bigg Boss) में फिर से बुलाया जाता है तो वहां भी जाएंगी।
वह कहती हैं कि शो की प्रतियोगी रुबीना दिलैक से कुछ मुद्दों पर जवाब मांगेंगी। मेरे लिए अलग सोच और दूसरे लोगों के लिए अलग सोच क्यों थी। सोनाली ने कहा कि घर से बाहर आने के बाद उन्होंने बहुत सी चीजें समझी हैं। जो दिखाया जा रहा है वही सही नहीं है। बहुत सारी चीजें छूट जाती हैं। वह चाहती हैं कि असलियत सबके सामने आए।
कहा- संयम दिखाएं किसान
केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत किसान संगठनों से गुजारिश करते हुए सोनाली ने कहा कि किसानों को संयम से काम लेते हुए अपने सुझाव सरकार को देने चाहिए। किसानों पर सीधी टिप्पणी से बचते हुए भाजपा नेत्री ने कहा कि पार्टी हाईकमान इस पर लगातार अपना पक्ष रख रहा है। सरकार ने सोच-समझकर कानून बनाए हैं। किसान कृषि कानूनों में संशोधन को लेकर अपने सुझाव दे सकते हैं।
मुंबई के साथ आदमपुर में भी रहेंगी सक्रिय, हरियाणा भाजपा प्रभारी ने दी एक्टिंग में किस्मत आजमाने की छूट
सोनाली फोगाट ने साफ किया कि भले ही वह अभिनय को और ज्यादा समय देते हुए मुंबई में रहेंगी, लेकिन वह आदमपुर में भी निरंतर लोगों से जुड़ाव बनाकर चलेंगी। पिछले दिनों हरियाणा भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े से मिली थी तो उन्होंने भी उनके काम की प्रशंसा करते हुए कहा था कि वह अपने काम को निरंतर जारी रखें। उन्होंने कहा कि एक्टिंग को ज्यादा समय नहीं दे पाई क्योंकि राजनीति में ज्यादा समय चला जाता था। इसके बावजूद एंकर के रूप में हरियाणा दूरदर्शन पर लगातार तीन साल एक कार्यक्रम किया। फिल्में, टिक-टाक, हरियाणवी वेब सीरीज और शार्ट मूवीज भी की हैं। वह दोनों चीजें साथ-साथ लेकर चलेंगी।