Move to Jagran APP

हुड्डा का विरोधियों पर शायराना वार- न जाने कितने मशहूर हो गए इल्जाम लगाते-लगाते

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने विरोधियों को शायराना अंदाज में जवाब दिया है। उन्‍होंने कहा, अपनी शख्सियत की क्या मिसाल दूं, न जाने कितने मशहूर हो गए इल्जाम लगाते-लगाते।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Fri, 20 Jul 2018 11:10 AM (IST)Updated: Fri, 20 Jul 2018 08:44 PM (IST)
हुड्डा का विरोधियों पर शायराना वार- न जाने कितने मशहूर हो गए इल्जाम लगाते-लगाते
हुड्डा का विरोधियों पर शायराना वार- न जाने कितने मशहूर हो गए इल्जाम लगाते-लगाते

जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने विरोधियों पर शायराना अंदाज में हमला किया। उन्‍होंने खुद पर आरोप लगाने वालों पर वार करते हुए कहा, अपनी शख्सियत की क्या मिसाल दूं, न जाने कितने मशहूर हो गए इल्जाम लगाते-लगाते। उनके हमले के दायरे में हरियाणा के वित्‍तमंत्री कैप्‍टन अभिमन्‍यु आैर प्रदेश कांग्रेस प्रधान डॉ. अशोक तंवर दाेनों रहे।

loksabha election banner

यहां पत्रकारों से बताचीत में उन्‍होंने प्रदेश सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। हुड्डा ने फसलों के दाम में बढ़ोतरी को नाकाफी बताया। उन्‍होंने कहा कि मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ को किसानों की बर्बादी पर नाचने की जरूरत नहीं है, क्योंकि स्वामीनाथन ने स्वयं माना कि उनकी सिफारिश से काफी कम रेट बढ़ाए गए हैैं। हुड्डा ने आरोप लगाया कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग में नौकरियां बेचने के लिए चेयरमैन भारत भूषण भारती को फिर से बहाल किया गया है।

कैप्टन अभिमन्यु के साथ-साथ अशोक तंवर पर भी प्रहार किया

हुड्डा ने लगे हाथ वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु पर भी सवाल दागे। कैप्टन ने आरोप लगाया था कि हुड्डा ने उनके परिवार को मरवाने की कोशिश की और घर फुंकवाया। हुड्डा ने इस आरोप का जवाब एक शेर के जरिये दिया। उन्होंने कहा, 'अपनी शख्सियत की क्या मिसाल दूं, न जाने कितने मशहूर हो गए इल्जाम लगाते-लगाते।' इस शेर में उन्होंने अशोक तंवर को भी लपेटे में लिया, क्योंकि कैप्टन का बयान आने के बाद तंवर ने कहा था कि उन पर हमला कराने वाले भी वही लोग है, जिन्होंने कैप्टन का घर फूंका है।

फसलों के दाम व जलयुद्ध पर मनोहरलाल और अभय चौटाला को घेरा

हुड्डा ने इनेलो की भी खिंचाई करने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि इनेलो जलयुद्ध का नाटक कर रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खुद कह चुके कि 500 लोगों के जमावड़े को पांच हजार बताकर गिरफ्तारियां दी गई हैैं। इसके लिए सरकार भी दोषी है, क्योंकि उनके अधिकारी इनेलो के मंच पर जाकर झूठी गिनती की घोषणा कर रहे हैैं।

यह भी पढ़ें: रिजर्व बैंक की रिपोर्ट में खुलासा, कर्ज माफ करने से किसानों को नहीं हुआ कोई लाभ

हुड्डा ने कहा कि एसवाईएल नहर के निर्माण में देरी तथा हांसी-बुटाना लिंक नहर का निर्माण नहीं होने देने के लिए इनेलो जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राज्य के उद्योगों में 75 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की बात करते हैैं, लेकिन अपने कार्यालय में 80 फीसदी से अधिक लोग बाहरी रखते हैैं।

यह भी पढ़ें: पूरे देश में चलेगा अब हरियाणवी स्टाइल, इस दिशा में बढ़ेगा कदम

अध्यक्ष पद के विवाद का सवाल टाला, राव इंद्रजीत को बताया दोस्त

हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष पद को लेकर चल रहे विवाद और अपने समर्थक विधायकों के दिल्ली में डेरा डालने से जुड़े सवाल हुड्डा टाल गए। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष बनाने का अधिकार पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के पास सुरक्षित है। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत द्वारा झज्जर में राजनीतिक टिप्पणियों का भी हुड्डा ने कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि राव मेरे बचपन के दोस्त हैैं। हम लोग एक साथ पढ़े हैैं।

मेरी कभी किसी से कोई लड़ाई नहीं फिर किस बात का समझौता  


हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक तंवर द्वारा दोस्ती की पेशकश और हाईकमान द्वारा समझौता कराने की कोशिश से जुड़े सवाल पर हुड्डा ने कहा कि इस बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। मेरी कभी किसी से कोई लड़ाई नहीं हुई। इसलिए किसका समझौता, कैसा समझौता, मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस व बसपा के गठबंधन से जुड़े सवाल पर कहा कि हरियाणा में इसकी जरूरत नहीं है। हुड्डा ने बताया कि जनक्रांति रथयात्रा का चौथा चरण 22 जुलाई से टोहाना, 23 को रतिया और 24 जुलाई को फतेहाबाद में चलेगा।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.