केंद्रीय बजट से हरियाणा के किसानों की भी बल्ले-बल्ले, 11 लाख सम्मान निधि के दायरे में
केंद्र सरकार की अंतरिम बजट से हरियाणा के किसानों को भी बड़ा लाभ होगा। हरियाणा के करीब 11 लाख किसान सम्मान निधि योजना के दायरे में आए्ंगे।
चंडीगढ़, जेएनएन। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के अंतरिम बजट का हरियाणा के किसानों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। हरियाणा में कर्ज माफी की मांग कर रहे किसानों को बजट में घाेषित पेंशन योजना का लाभ मिला है। राज्य के 11 लाख किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के दायरे में आएंगे। इन सभी किसानों के खाते में छह हजार रुपये वार्षिक सम्मान निधि डाली जाएगी। लोकसभा चुनाव से पहले-पहले यह राशि किसानों के खाते में आने का अनुमान है।
20 लाख 68 हजार किसान पहले से 39 हजार 174 करोड़ के कर्ज में डूबे
हरियाणा में 20 लाख 68 हजार किसान ऐसे हैैं, जो 39 हजार 174 करोड़ रुपये के कर्ज तले दबे हुए हैैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और विधानसभा में विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला हालांकि हरियाणा सरकार पर किसानों का कर्ज माफ करने का दबाव बना रहे हैं। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री मनोहर लाल व कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने स्पष्ट कर दिया कि कर्ज माफी समस्या का समाधान नहीं है। किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए स्थाई बंदोबस्त किए जाएंगे। लिहाजा सरकार ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला के नेतृत्व में एक कमेटी का गठन कर दिया है, जो जल्द ही किसानों को पेंशन देने की सिफारिश कर सकती है।
किसान पेंशन योजना के लाभ से पहले किसानों के जख्मों पर मरहम होगा सम्मान निधि
हरियाणा के किसानों को पेंशन देने का प्रारूप क्या होगा, यह अभी तय होना बाकी है, लेकिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्पष्ट कर दिया है कि लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लगने से पहले-पहले यह पेंशन योजना शुरू कर दी जाएगी। माना जा रहा है कि किसानों को अलग-अलग स्लैब में औसतन पांच हजार रुपये मासिक पेंशन दी जा सकती है। उधर, प्रधानमंत्री सम्मान निधि भी राज्य के किसानों को काफी राहत प्रदान करेगी।
---------
मोदी सरकार ने किसानों की बल्ले-बल्ले: धनखड़
'' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने किसानों की बल्ले-बल्ले कर दी है। राज्य के लगभग 11 लाख किसान ऐसे हैैं, जो दो हेक्टेयर (पांच एकड़) भूमि रखने के दायरे में आते हैैं। उन्हें सालाना छह हजार रुपये सम्मान निधि मिलेगी। पहली किस्त जल्द जारी होने की उम्मीद है। यह राशि खातों में जाएगी। राज्य सरकार जल्द ही किसानों को पेंशन भी देने जा रही है। मुश्किल में फंसे किसानों को ब्याज में राहत दी गई है। दो की जगह पांच प्रतिशत तक ब्याज में छूट मिलेगी। पशुपालन व मछली पालक किसानों के लिए यह बजट लाभकारी होगा।
- ओमप्रकाश धनखड़, कृषि मंत्री, हरियाणा।
----------
किसानों के जख्म कुरेद रही सरकार : हुड्डा
'' किसानों के साथ सरकार लगातार मजाक कर रही है। उन्हें 500 रुपये मासिक सम्मान निधि मिलेगी। यह मासिक पेंशन से चार गुणा तक कम है। किसानों को उनकी फसल का लागत मूल्य भी नहीं दिया जा रहा है। सत्ता में आने से पहले सरकार ने स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने का दावा किया था, मगर वह हवा हो गया। किसानों का कर्जा माफ करने की बजाय सरकार उनके जख्म कुरेद रही है। कांग्रेस सरकार किसानों का सारा कर्ज माफ करेगी।
- भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री, हरियाणा।