अमित शाह के दौरे से पहले सरकार की लंच डिप्लोमेसी
अमित शाह के हरियाणा दौरे से पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल मंत्रियों-विधायकों को लंच पर साधेंगे। उन्होंने 2 फरवरी को सूरजकुंड में विधायक दल की बैठक बुलाई है।
चंडीगढ़ [अनुराग अग्रवाल]। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के हरियाणा दौरे से पहले ही सरकार ने मंत्रियों और विधायकों की नाराजगी दूर करने की कवायद शुरू कर दी है। शाह इस दौरान केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के गृह जिले व इनेलो के गढ़ जींद से पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। पार्टी अध्यक्ष के सामने सब कुछ ठीक रहे इसके लिए पार्टी ने विधायकों व मंत्रियों को साधने की रणनीति बनाई है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल 2 फरवरी को पार्टी विधायकों और मंत्रियों के साथ सूरजकुंड में लंच करेंगे।
भाजपा प्रभारी डा. अनिल जैन, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला और संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट की मौजूदगी में होने वाली इस लंच डिप्लोमेसी के गवाह पार्टी पदाधिकारी भी बनेंगे। हरियाणा भाजपा के तमाम पदाधिकारियों और कार्यसमिति के सदस्यों के अलावा जिलाध्यक्षों को भी लंच पर बुलाया गया है। इसी दिन भाजपा विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें सरकार को बाहर से समर्थन दे रहे बसपा और आजाद विधायक भी रहेंगे। सभी मंत्रियों से कहा गया है कि वे 2 फरवरी को अपने समस्त कार्यक्रमों को छोड़कर विधायक दल की बैठक में अवश्य भागीदारी करें।
2 फरवरी को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सूरजकुंड में होंगे। इस दिन अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेले की शुरुआत होनी है। इस बार मेले का थीम स्टेट उत्तर प्रदेश है। अमित शाह चूंकि 15 फरवरी को जींद आ रहे हैं, इसलिए पार्टी उनके दौरे को कामयाब बनाने को लेकर बेहद गंभीर है।
हालांकि इस दौरान शाह हालांकि न तो सरकार से कोई रिपोर्ट कार्ड लेंगे और न ही विधायकों, मंत्रियों अथवा सांसदों के साथ अलग से कोई बैठक करने वाले हैं। मगर सरकार और संगठन अपने स्तर पर कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते हैं। शाह जब छह माह पहले रोहतक आए थे, तब सभी मंत्रियों को सप्ताह में दो दिन सचिवालय बैठने और अपने-अपने विभाग की फ्लैगशिप योजनाएं तैयार कर उन्हें लागू करने का होमवर्क देकर गए थे। इसलिए मुख्यमंत्री इन मुद्दों पर सूरजकुंड में विधायकों व मंत्रियों संग चर्चा कर यह सुनिश्चित कर लेना चाहते हैं कि सब कुछ ठीक ठाक है।
व्यापक स्तर पर होंगे अफसरों के तबादले
शाह के हरियाणा दौरे के बाद अफसरशाही में भारी पैमाने पर बदलाव होगा। चर्चा कैबिनेट में फरेबदल की भी है, लेकिन पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला इससे साफ इनकार कर चुके हैं। कुछ मंत्री शाह के हरियाणा दौरे से पहले ही अफसरों को बदले जाने का दबाव बना रहे हैं, लेकिन सूत्र बताते हैं कि शाह के दौरे के तुरंत बाद अफसरों के तबादले किए जाएंगे।