Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    'मेरी उम्र 93 साल और मैं 115 साल जिऊंगा', विधानसभा चुनाव से पहले ओमप्रकाश चौटाला ने दिया बड़ा बयान

    Updated: Sun, 11 Aug 2024 08:47 AM (IST)

    हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव (Haryana Assembly Election) से पहले पूर्व मुख्यमंत्री और इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला (Om Prakash Chautala) ने मी ...और पढ़ें

    ओमप्रकाश चौटाला ने मीडिया के सवालों का दिया जवाब (फाइल फोटो)

    अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। हरियाणा के पांच बार मुख्यमंत्री रह चुके इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला विधानसभा चुनाव से ठीक पहले शनिवार को अचानक मीडिया के सामने आए। उन्होंने स्वयं को पूरी तरह स्वस्थ बताते हुए कहा कि अब उनकी उम्र 93 साल है और वह आगे 115 साल तक जीवन व्यतीत करने वाले हैं। चौटाला के इस बयान के राजनीतिक मतलब हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इनेलो-बसपा गठबंधन के लिए कर सकते हैं प्रचार

    लोकसभा चुनाव में प्रचार से दूरी बनाए रखने वाले ओमप्रकाश चौटाला का विधानसभा चुनाव से पहले मीडिया के सामने आकर यह बयान देने का मतलब साफ है कि वे विधानसभा चुनाव में इनेलो-बसपा गठबंधन के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने वाले हैं।

    इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला चंडीगढ़ में जब आराम करने आते हैं तो वे सेक्टर नौ स्थित अभय सिंह चौटाला के आवास पर रहते हैं। सिरसा में अपने फार्म हाउस पर तथा गुरुग्राम में अपने निजी आवास पर आराम करते हैं।

    मीडिया के सवालों का दिया जवाब

    चौटाला पिछले तीन दिनों से चंडीगढ़ में हैं। शनिवार को इलेक्ट्रानिक मीडिया कर्मियों के सामने चौटाला ने हर सवाल का पूरी जिम्मेदारी के साथ जवाब दिया। चौटाला हरियाणा के सबसे बुजुर्ग नेता हैं।

    उनसे जब पूछा गया कि सरकार के कामकाज के बारे में आपकी राय क्या है तो उन्होंने मीडिया वालों से सवाल किया कि केंद्र सरकार के बारे में बताऊं या फिर हरियाणा सरकार के कामकाज पर अपनी राय दूं।

    उन्होंने कहा कि वे जहां भी रहते हैं, पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करते हैं और उनका हौसला बढ़ाते हैं। ओमप्रकाश चौटाला ने कुछ सवालों का जवाब थोड़ा रुककर दिया, लेकिन हर सवाल का जवाब उनके पास था।

    राज्य सरकार पर साधा निशाना

    ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि प्रदेश में कई साल तक लुटेरों की सरकार रही। अब राज्य में झूठ बोलने वालों की सरकार है। लूट और झूठ की सरकार के अब ज्यादा दिन नहीं हैं। राज्य में इनेलो-बसपा गठबंधन की सरकार बनेगी।

    इनेलो में मुख्यमंत्री पद के लिए अभय सिंह चौटाला की दावेदारी से जुड़े सवाल पर चौटाला ने कहा कि हमारी पार्टी में लोकतंत्र हैं। हमारे अधिक से अधिक विधायक चुनकर आने वाले हैं। वह जिसे अपना नेता चुनेंगे और वह मुख्यमंत्री बनेंगे।

    यह भी पढ़ें- 'आप' के पूर्व मंत्री संदीप वाल्मीकि की छह घंटे में भाजपा से छुट्टी, पार्टी ने गंभीर तथ्य छुपाने का दिया हवाला

    'अब भाजपा की सरकार जाने वाली है'

    इनेलो प्रमुख ने कहा कि हरियाणा में भाजपा व जजपा गठबंधन की सरकार से कोई वर्ग खुश नहीं रहा। अब भाजपा की सरकार जाने वाली है तो उसके मुखिया अनाप-शनाप घोषणाएं करने में लगे हैं।

    इनेलो-बसपा के गठबंधन को लेकर चौटाला ने कहा कि हमारा पहले भी काशीराम और मायावती की पार्टी से राजनीतिक संबंध रहा है। इस बार भी चल रहा है। दोनों दलों का यह गठबंधन कमेरे, गरीब, जरूरतमंद और मजदूर वर्ग के हितों का गठबंधन है।

    यह भी पढ़ें- Haryana News: आंदोलनरत् चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के समर्थन में आए भूपेंद्र हुड्डा, पुलिस कार्रवाई को बताया अलोकतांत्रिक