फरीदाबाद सहित हरियाणा के 50 शहरी निकायों में चुनाव का एलान कल, सिंबल पर लड़ेंगे दल
हरियाणा में फरीदाबाद नगर निगम सहित 50 शहरी निकायों के लिए चुनाव तिथि का एलान कल किया जाएगा।सरकार की सिफारिश के बाद चुनाव आयुक्त ने प्रेस कांफ्रेंस बुलाई है। सभी दलों ने निकाय चुनाव पार्टी निशान पर लड़ने का एलान किया है।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में करीब एक साल के लंबे इंतजार के बाद कल यानी सोमवार को शहरी निकाय चुनाव का ऐलान होगा। राज्य सरकार द्वारा चुनाव कराने की सिफारिश करने के बाद चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने सोमवार को प्रेस कान्फ्रेंस बुलाई है, जिसमें वह शहरी निकाय चुनाव का शेड्यूल घोषित करेंगे।
शहरी निकाय चुनाव की तारीख घोषित होते ही राज्य में चुनाव आचार संहिता लग जाएगी, जिसका असर नए विकास कार्यों पर पड़ेगा, जबकि पहले से चल रहे विकास कार्य चलते रहेंगे।
हरियाणा में 50 शहरी निकायों में चुनाव कराए जाएंगे। राज्य चुनाव आयोग जहां 47 निकायों में चुनाव की तैयारी में जुटा हुआ था, वहीं प्रदेश सरकार ने फरीदाबाद नगर निगम के साथ ही 18 नगर परिषद और 31 नगर पालिकाओं में चुनाव की सिफारिश की है।
राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने दावा किया है कि चुनाव आयोग की तैयारी पूरी है। मेयर, नगर परिषद व नगर पालिका प्रधान पद के चुनाव सीधे यानी डायरेक्ट मतदान के जरिये होंगे, जिनमें आम मतदाता अपनी पसंद का मेयर अथवा अध्यक्ष चुन सकेंगे।
राजनीतिक दलों की तैयारी भी पूरी है। भाजपा ने शहरी निकाय चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ने का ऐलान किया है। कांग्रेस, इनेलो व आम आदमी पार्टी ने भी सिंबल पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
हरियाणा के जिन नगर परिषदों के चुनाव होने हैं उनमें गोहाना, होडल, पलवल, सोहना, मंडी डबवाली, चरखी दादरी, झज्जर, जींद, कैथल, हांसी, बहादुरगढ़, नरवाना, टोहाना, नूंह, कालका, नारनौल, फतेहाबाद और भिवानी शामिल हैं।
इसी तरह नगर पालिकाओं में तरावड़ी, निसिंग, चीका, महम, राजौंद, पिहोवा, उचाना, महेंद्रगढ़, शाहाबाद, घरौंडा, सफीदों, गन्नौर, भूना, बावल, ऐलनाबाद, नांगल चौधरी, नारायणगढ़, रतिया, बरवाला, समालखा, फिरोजपुर झिरखा, पुन्हाना, असंध, लाडवा, रानिया, इस्माइलाबाद, साढौरा, कुंडली, सीवन, बाढ़ड़ा और बादली में चुनाव कराने की सिफारिश सरकार ने की है। इसके लिए स्थानीय निकाय विभाग के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता ने राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह को चिट्ठी लिखी है।