विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में पंचायती जमीन पर खुलेंगे पशु हॉस्टल, देसी गाय की डेयरी पर मिलेगी सब्सिडी

Published: Wed, 14 Oct 2026 06:47 PM (IST)

हरियाणा में पंचायती जमीन पर 'डे-बोर्डिंग पशु हॉस्टल' खोलने का काम शुरू हो गया है, जहां पशु दिन में चर सकेंगे।

हरियाणा में पंचायती जमीन पर पशु हॉस्टल खोलने के प्रस्ताव पर काम शुरू।

हरियाणा में पंचायती जमीन पर पशु हॉस्टल खोलने के प्रस्ताव पर काम शुरू।

HighLights

  1. पंचायती जमीन पर 'डे-बोर्डिंग पशु हॉस्टल' खोलने का प्रस्ताव।

  2. दुधारू पशुओं के लिए उन्नत चारे के बीज उपलब्ध होंगे।

  3. देसी गाय डेयरी खोलने पर किसानों को मिलेगी सब्सिडी।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में पंचायती जमीन पर पशु हॉस्टल खोलने के प्रस्ताव पर काम शुरू हो गया है। ‘डे-बोर्डिंग पशु हॉस्टल’ में पशु दिन में चहारदीवारी के भीतर चरागाह की तरह घूम सकेंगे और रात में पशुपालक उन्हें घर ले जा सकेंगे।

पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्याम सिंह राणा ने बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक में राज्य में दुधारू पशुओं के लिए उन्नत चारे के बीज उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने के निर्देश दिए।

अच्छी गुणवत्ता का दूध उपलब्ध कराने के लिए इस संबंध में नीति बनाने की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। इस दौरान लुवास यूनिवर्सिटी, पशुधन विकास बोर्ड और हरियाणा गोसेवा आयोग के प्रतिनिधियों ने भी कई अहम सुझाव दिए।

मंत्री ने कहा कि दुधारू पशुओं को ऐसा चारा दिया जाना चाहिए, जिसे रासायनिक खाद और दवाइयों से तैयार न किया गया हो। डीएपी, यूरिया और रासायनिक खाद के इस्तेमाल से चारा जहरीला हो जाता है और उसके रसायन दूध के जरिये इंसानों तक पहुंचते हैं। उन्होंने पशुपालकों को आर्गेनिक और प्राकृतिक खाद से चारा तैयार करने के लिए प्रोत्साहित करने तथा उन्नत बीज उपलब्ध कराने को कहा।

जरूरत पड़ने पर इसके लिए नीति बनाई जा सकती है। देसी गाय की डेयरी खोलने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सब्सिडी योजना तैयार की जाएगी। इससे नस्ल सुधार को संरक्षण मिलेगा और गोमूत्र से तैयार जीवामृत प्राकृतिक खेती में खाद के रूप में इस्तेमाल हो सकेगा।