आंगनबाड़ी कर्मियों ने बदली आंदोलन की रूपरेखा
हरियाणा में आंगनबाड़ी वर्कर अपनी मांगों को लेकर आंदोलित हैं। वर्करों ने अब अपने आंदोलन की रूपरेखा बदल दी है।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा की आंदोलनरत आंगनबाड़ी वर्कर बजट सत्र के पहले दिन 5 मार्च को करनाल में पड़ाव डालेंगी। इससे पहले 26 फरवरी को तमाम विधायकों को मांग-पत्र दिए जाएंगे, जबकि 27 फरवरी को सभी जिलों में लघु सचिवालयों का घेराव किया जाएगा। 1 मार्च को होलिका दहन के दिन केंद्र व राज्य सरकारों के पुतले फूंकने की रणनीति तैयार की गई है। यह फैसला आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स यूनियन ने किया है।
यूनियन की राज्य कार्यकारी अध्यक्ष मधु शर्मा और महासचिव शकुंतला ने कहा कि भाजपा सरकार अभी भी आंगनबाड़ी कर्मियों के आंदोलन को गंभीरता से नहीं ले रही है। राज्य में सभी 25 हजार आंगनबाड़ी केंद्र बंद पड़े हैं। 50 हजार से ज्यादा वर्कर व हेल्पर हड़ताल पर हैं।
सर्व कर्मचारी संघ ने भी आंगनबाड़ी कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन किया है। संघ के महासचिव सुभाष लांबा ने बताया कि 26 फरवरी को संघ के कर्मचारी इन आंगनबाड़ी कर्मियों का समर्थन करेंगे।
मधु शर्मा और शकुंतला के अनुसार यूनियन ने 5 मार्च को करनाल चलने तथा सीएम के गृह नगर में बड़ी रैली करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि 28 फरवरी को भाजपा सरकार के लिए भीख मांगी जाएगी। 2 मार्च को सभी विपक्षी पार्टियों को धरना स्थल पर बुलाया जाएगा।
यह भी पढ़ेंः सीएम मनोहर लाल बोले- एसवाइएल का पानी हरियाणा को मिलकर रहेगा