शाह ने की हरियाणा के भाजपा नेताओं से चुनाव पर चर्चा, मनोहर बोले- Mission-75 का है लक्ष्य
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को हरियाणा के पार्टी नेताओं से विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की।
जेएनएन, चंडीगढ़। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को हरियाणा के पार्टी नेताओं से विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की। बैठक के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने पत्रकारोंं से बातचीत की। मनोहर लाल ने कहा कि बैठक में मिशन-75 का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी लोकसभा चुनाव की तरह ही विधानसभा चुनाव में भी कार्यक्रम तय करेगी।
हरियाणा में अकाली दल से गठबंधन पर सीएम ने कहा कि यह हाईकमान को तयर करना है कि पार्टी ने अकाली दल के साथ मिलकर चुनाव लड़ना या अलग। उन्होंने कहा कि कई कांग्रेस नेता पार्टी के संपर्क में हैं। यह वक्त आने पर बताया जाएगा कि कौन-कौन नेता पार्टी के संपर्क में हैं। टिकट वितरण पर सीएम ने कहा कि अभी किसी भी नेता का टिकट पक्का नहीं है।
चुनाव तैयारियों पर सीएम ने कहा कि 1 जुलाई से 10 जुलाई तक सभी मंडलो की बैठक होगी। इस दौरान 3 लाख के पन्ना प्रमुख एक्टिव किया जाएगा। जिलास्तर पर प्रबुद्ध नागरिकों और वर्गों के सम्मेलन होंगे। इन सम्मेलनों में हरियाणा के सभी मंत्री जाएंगे। संगठन मंत्री राम लाल भी हरियाणा प्रवास पर आएंगे। मनोहर ने कहा कि अमित शाह 21 जून को रोहतक आएंगे। उस दिन वहां योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया जाए।
बैठक के बाद केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने हरियाणा भवन में मनोहर लाल से मुलाकात की। लगभग एक घंटे चली इस बैठक में महिला एवं बाल विकास से जुड़े कई मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री मनोहरलाल व कैबिनेट मंत्री स्मृति ईरानी के साथ-साथ हरियाणा महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। स्मृति ईरानी ने अपने विभाग से संबंधित केंद्र की भाजपा सरकार का मसौदा मुख्यमंत्री के सामने रखा और हरियाणा में इस पर काम करने के लिए सहमति बनाई।
बैठक में जहां केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अपने विभाग से संबंधित योजनाओं का खाका हरियाणा के मुख्यमंत्री के सामने रखा वहीं महिला एवं बाल विकास मामले में हरियाणा सरकार द्वारा किए गए कार्यों से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया गया। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने महिला एवं बाल विकास के लिए हरियाणा में हरसंभव कदम उठाए जाने का आश्वासन भी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को दिया। बैठक के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि हरियाणा में महिला एवं बाल विकास को लेकर कीर्तिमान स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री मनोहरलाल से विस्तृत चर्चा हुई है। इस संदर्भ में जल्द ही फिर बैठक की जाएगी ताकि योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जा सके।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप