अभय चौटाला बने भारतीय ओलंपिक संघ के आजीवन प्रधान
चेन्नई में आइओए की आम सभा में सर्वसम्मति से अभय चौटाला को आजीवन प्रधान बनाने का फैसला लिया गया। उन्हें खेलों को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान मिला।
जेएनएन, चंडीगढ़। खेलों मेें हरियाणा का रसूख और बढ़ गया जब मंगलवार को हरियाणा ओलंपिक संघ के प्रधान अभय सिंह चौटाला को भारतीय ओलंपिक संघ का आजीवन अध्यक्ष बना दिया गया। चेन्नई में हुई आम सभा की बैठक में हरियाणा के नेता प्रतिपक्ष को सर्वसम्मति से यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
खेलों को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय योगदान के दृष्टिगत इनेलो नेता को लाइफ टाइम चेयरमैन बनाने का प्रस्ताव संघ के संयुक्तसचिव राकेश गुप्ता ने रखा जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। वालीबॉल के अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रहे चौटाला भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष के अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष और उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
वह लगातार 12 साल तक भारतीय मुक्केबाजी महासंघ के अध्यक्ष रहने के अलावा वालीबॉल संघ के अध्यक्ष और भारतीय वालीबॉल महासंघ के उपाध्यक्ष भी रहे। उनके कुशल नेतृत्व में भारतीय मुक्केबाजों ने न सिर्फ दुनिया में भारत का नाम रोशन किया बल्कि एशियाई खेलों और विश्व कप मुकाबलों के साथ-साथ ओलंपिक खेलों में भी मुक्केबाजी में पदक हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
पिछले तीन दशकों से अनेक खेल संघों से जुड़े रहे चौटाला के आजीवन अध्यक्ष बनते ही संघ के अध्यक्ष एन रामाचंद्रन, महासचिव राजीव मेहता, भारतीय कबड्डी महासंघ के अध्यक्ष जनार्दन सिंह गहलोत, एशियन टेनिस फेडरेशन के अध्यक्ष अनिल खन्ना, गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री वी कामथ, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष व हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री बीपी वैश्य, दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव एस रघुनाथन व तीरंदाजी महासंघ के अध्यक्ष व पूर्व सांसद तरलोचन सिंह सहित सभी प्रमुख खेल संघों के पदाधिकारियों ने बधाई दी।
चौटाला ने सम्मान और उनमें जताए गए विश्वास के लिए आभार जताते हुए कहा कि देश में खेलों और खिलाडिय़ों को प्रोत्साहन देने में वे कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। बैठक में ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू व साक्षी मलिक को सम्मानित भी किया गया।
पढ़ें : अभय चौटाला के नेतृत्व वाले एचओए को IOA ने दी मान्यता