अब मंत्रियों के आवास के आगे 'आप' बांधेगी लावारिस गाय
आम आदमी पार्टी अब गायों पर हरियाणाा में नई राजनीति शुरू करने की तैयारी में है। पार्टी ने एलान किया है कि लावारिस गायों को मंत्रियों आवासों के बाहर बांधा जाएगा।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। प्रदेश में गायों की दुर्दशा को उजागर करने के लिए 'सेल्फी विद लावारिस काउ' अभियान के बाद अब आम आदमी पार्टी ने प्रदेश भर में 'खूंटा गाड़' अभियान चलाने का एलान किया है। इसकी जानकारी देते हुए आप के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कहा कि अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता लावारिस गायों को पकड़कर उन्हें हरियाणा के मंत्रियों और विधायकों के आवास के आगे खूंटा गाड़कर बांधेंगे। अभियान की शुरु आत रोहतक से की जाएगी।
भाजपा पर गायों के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए जयहिंद ने कहा कि आज प्रदेश का कोई जिला ऐसा नहीं है जहां सड़कों पर घूम रही लावारिस गायों के कारण हादसे न हो रहे हों। भाजपा सरकार ने चुनाव से पहले सत्ता हथियाने के लिए गोचरांद भूमि आरक्षित करने, गो अभ्यारण बनाने, भूमिहीन किसानों को गाय देने, गोशालाओं में रहने वाली गायों का पालन पोषण करने और सड़कों पर घूमने वाली गायों को गोशालाओं में पहुंचाने की घोषणा की थी।
पढ़ें : मुश्किल में हुड्डा, सुरक्षा में रहे अफसर ने कहा-कई राज हैं पता, गवाह बनने को तैयार
जयहिंद के अनुसार आरटीआइ के माध्यम से मिली जानकारी में भी यह साफ हो गया है कि हरियाणा सरकार की ओर से प्रदेश में एक गाय को चारे के लिए रोजाना केवल 20 पैसे ही दिए जा रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री के उडऩखटोले का किराया पांच करोड़ रुपये तक आ चुका है। जयहिंद के अनुसार दिल्ली में केजरीवाल सरकार एक गाय पर 40 रुपये रोजाना खर्च कर रही है तो हरियाणा सरकार ऐसा करने से पीछे क्यों हट रही है।
पढ़ें : हुड्डा के कई करीबी भी हैं सीबीआइ के निशाने पर, कई रिकार्ड जुटाए