हरियाणा में 700 जर्जर स्कूलों का होगा कायाकल्प, एक साल के अंदर मिलेंगे नए भवन और आईसीटी लैब
हरियाणा सरकार एक साल के भीतर 700 जर्जर स्कूलों का पुनर्निर्माण करेगी और 719 उत्कृष्ट स्कूलों में आईसीटी लैब स्थापित करेगी।
-1791908563587_m.webp)
हरियाणा में 700 जर्जर स्कूलों को एक साल में मिलेंगे नए भवन।
HighLights
एक साल में 700 जर्जर स्कूलों को मिलेंगे नए भवन
719 उत्कृष्ट स्कूलों में स्थापित होंगी आईसीटी लैब
शिक्षा विभाग ने स्वयंसेवक शिक्षक पंजीकरण पोर्टल किया लॉन्च
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में 700 जर्जर स्कूलों को एक साल के अंदर नए भवन मिल जाएंगे। साथ ही सभी 719 उत्कृष्ट स्कूलों में न्यूनतम 10 कंप्यूटर वाली आईसीटी लैब स्थापित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हारट्रोन को कंप्यूटर खरीद की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया है। जर्जर स्कूलों के भवन निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि बच्चों को पढ़ाई का बेहतर वातावरण मिल सके।
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के साथ मंगलवार को विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं, शिक्षकों के रिक्त पदों, डिजिटल शिक्षा और विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने भवन निर्माण में गुणवत्ता, प्राकृतिक हवा के आवागमन वाले डिजाइन और सोलर सिस्टम लगाने पर जोर दिया, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई का बेहतर वातावरण मिले।
विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया ने बताया कि प्रदेश में 14 हजार 297 सरकारी स्कूल हैं। हर पांच किलोमीटर पर सीएम ईईई और हर 10 किलोमीटर पर पीएम श्री व राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों सहित कुल 719 उत्कृष्ट स्कूल संचालित हैं। इनमें नए भवन, मरम्मत, आईसीटी लैब और अन्य सुविधाओं पर काम हो रहा है। जलभराव वाले स्कूलों में स्थायी समाधान के लिए रेनवाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली अपनाई जाएगी।
प्रदेश के सभी स्कूलों में पेयजल की जांच होगी। मानकों से कम गुणवत्ता वाले पानी वाले स्कूलों की सूची तैयार कर संबंधित विभाग के जरिए सुधार किया जाएगा और जरूरत पर आरओ सिस्टम लगाए जाएंगे। जिलों में जरूरी कार्यों के लिए वित्त विभाग को एक-एक करोड़ रुपये भेजने के निर्देश दिए गए हैं। प्रगति की निगरानी के लिए पोर्टल बनेगा। अतिरिक्त उपायुक्त और शिक्षा विभाग हर महीने तथा मुख्यमंत्री हर तीन महीने में कार्यों की समीक्षा करेंगे।
विद्यार्थियों ने लगाए साढ़े दस लाख पौधे
बैठक में बताया गया कि पौधारोपण अभियान के तहत 13 हजार 126 स्कूलों के 11 लाख 77 हजार 766 विद्यार्थियों और 74 हजार 419 शिक्षकों ने कुल 10 लाख 47 हजार 122 पौधे लगाए हैं। मुख्यमंत्री ने पौधों की देखभाल सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान स्कूलों के ऊपर से गुजरते हाईटेंशन तार हटाने, खेल सामग्री टेंडर के जरिए भेजने, शिक्षक रिक्तियां, अंशकालिक सफाईकर्मियों के अनुबंध, गैर-शिक्षक कार्यों के अलग काडर तथा मेडिकल और एलटीसी बिलों की स्थिति की भी समीक्षा हुई।
स्वयंसेवक शिक्षक पंजीकरण पोर्टल लांच
मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग का स्वयंसेवक शिक्षक पंजीकरण पोर्टल लांच कर दिया है। सेवानिवृत्त शिक्षक, एक्स-सर्विसमैन, बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थी और शिक्षण में रुचि रखने वाले लोग इस पर पंजीकरण कर सकेंगे।
चयन के लिए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कमेटी बनेगी, जिसमें डीएसपी स्तर का पुलिस अधिकारी भी होगा। कमेटी की अनुशंसा पर योग्य स्वयंसेवियों को शिक्षण कार्य से जोड़ा जाएगा।
