80 स्ट्रीट वेंडर्स का आज निकाला जाएगा ड्रा
नगर निगम पंचकूला की ओर से
जागरण संवाददाता, पंचकूला : नगर निगम पंचकूला की ओर से 80 स्ट्रीट वेंडर्स का ड्रा निकाला जाएगा। रेड बिश्प सेक्टर एक में दोपहर दो बजे पहला ड्रा निकाला जाएगा। इसी सप्ताह एक ओर ड्रा निकाला जाएगा, जिसमें 100 लोगों को भी जगह देने की कोशिश जाएगी। ड्रा संयुक्त आयुक्त संयम गर्ग की अध्यक्षता में निकाले जाएंगे। इस दौरान नगर निगम के कार्यकारी अधिकारी जरनैल सिंह सहित एसई, एक्सइएन, अकाउंट्स अधिकारी मौजूद रहेंगे। जानकारी के अनुसार मंगलवार को 80 लोगों का ड्रा निकालने के बाद एक दो दिन में जगह का पजेशन दे दिया जाएगा। पजेशन सार्टिफिकेट हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता द्वारा दिए जाएंगे। नगर निगम रेहड़ी-फड़ी वालों को सबसे पहले सेक्टर-19 में बनाए जाने वाले वेंडर्स जोन में जगह अलॉट करेगा। यहां कुल 458 रेहड़ी-फड़ी वालों को जगह अलॉट की जानी है। सेक्टर-19 में स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट-2014 के तहत रेहड़ी-फड़ी वालों को जगह अलॉट करने के लिए वेंडिग जोन बनाने का काम पूरा हो चुका है। स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट के तहत रेहड़ी-फड़ी वालों को जगह ड्रा के जरिये अलॉट करने के लिए सोमवार को पंचकूला नगर निगम के अफसरों की मीटिग हुई। जिसमें विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। पंचकूला नगर निगम की ओर से अभी तक रेहड़ी-फड़ी वालों के लिए आठ साइट का चयन किया गया है। सबसे ज्यादा सेक्टर-19 में मिलेगी जगह
इन आठ साइट पर 850 रेहड़ी-फड़ी वालों को जगह अलॉट हो सकेगी। इनमें से सबसे ज्यादा सेक्टर-19 में वेंडर्स के लिए जगह हैं। यहां वेंडर्स के लिए 458 साइट रखी गई हैं। इसके अलावा सेक्टर चार में 74, सेक्टर-8 में 67, सेक्टर-10 में 12, सेक्टर-11 में 56, सेक्टर-12 में 34, सेक्टर-15 में 103, इंडस्ट्रियल एरिया में 46 वेंडर्स को जगह अलॉट की जाएगी। एमसी एरिया में 3718 लोग रेहड़ी-फड़ी लगा रहे हैं। इनमें से सिर्फ 58.2 परसेंट यानि 2166 ही पंचकूला के रेजिडेंट्स हैं। शेष सभी रेहड़ी-फड़ी वाले चंडीगढ़ या पंजाब के पड़ोसी शहरों से पंचकूला आकर रेहड़ी-फड़ी लगा रहे हैं। स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट के तहत केवल पंचकूला के रेजिडेंट्स को ही वेंडिग जोन में जगह अलॉट की जानी हैं।