हरियाणा में कंप्यूटर शिक्षकों पर लाठीचार्ज, कई के सिर फटे, 20 घायल
शिक्षा विभाग में समायोजन की मांग पर अड़े कंप्यूटर शिक्षकों पर हरियाणा पुलिस ने जमकर कहर ढहाया। महिला और पुरुष दोनों पर ही जमकर लाठियां भांजी और घसीटा भी।
जेएनएन, पंचकूला। शिक्षा विभाग में समायोजन की मांग पर अड़े कंप्यूटर शिक्षकों पर हरियाणा पुलिस ने जमकर कहर ढहाया। महिला और पुरुष दोनों पर ही जमकर लाठियां भांजी और घसीटा भी। लगभग 20 शिक्षकों को चोटें लगी। कई के सिर फट गए। कुछ महिला शिक्षक तो सड़क पर बेहोश होकर गिर गई, जिन्हें पुलिस ने उठाकर बस में बिठाया।
इससे पहले सेक्टर-5 स्थित धरना स्थल पर सैकड़ों की तादाद में कंप्यूटर शिक्षक एकत्रित हुए। अपनी मांगों को लेकर सरकार और शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद कंप्यूटर शिक्षकों ने शिक्षा सदन का घेराव किया। जब वहां कोई बात नहीं बनी तो कंप्यूटर शिक्षकों ने जिला उपायुक्त कार्यालय का रुख किया।
मुख्यमंत्री से बैठक की मांग को लेकर सैकड़ों कंप्यूटर शिक्षक उपायुक्त कार्यालय के बाहर सड़क पर बैठ गए। करीब दो घंटे तक जब कंप्यूटर टीचर सड़क पर बैठे रहे तो पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग कर उन्हें हटाने का प्रयास किया। जब शिक्षक नहीं हटे तो पुलिस ने शिक्षकों पर लाठीचार्ज कर दिया। महिला कंप्यूटर शिक्षकों को भी सड़क पर घसीटकर पीटा गया।
इस दौरान सात महिलाओं सहित 20 शिक्षक घायल हो गए। घायलों में विकास पूनिया, कुलदीप और संदीप जींद, रोहित कुमार हिसार, रमेश कैथल, रमेश करनाल, शेर सिंह सिरसा, अमित बेनीवाल करनाल, राजबाला झज्जर, नीलम सोनीपत, सुरनीत सिरसा, प्रीतम पानीपत, परवीन भिवानी, शोयना गुरुग्राम, सीमा कैथल, नीलम सोनीपत, बलराम धीमान अंबाला, सुनील सोनीपत, राकेश कुरुक्षेत्र घायल हुए हैं।
घायलों को इलाज नहीं गिरफ्तारी मिली
कंप्यूटर शिक्षकों पर हुए लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल के बाद घायल हुए कंप्यूटर शिक्षकों को सड़क से उठाकर अस्पताल ले जाने की बजाय पुलिस बसों में भरकर थाने में ले गई। कई घंटे बाद उनको अस्पताल ले जाया गया। कंप्यूटर शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष बलराम धीमान सहित करीब एक दर्जन कंप्यूटर शिक्षकों को चोटें लगी हैं। इन सभी को चंडीमंदिर थाने में रखा गया है।
बलराम धीमान ने बताया कि करीब 2200 कंप्यूटर शिक्षक वर्ष 2013 से शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। पिछले 6 वर्षों के दौरान सरकार द्वारा 10 बार से ज्यादा उनकी सेवा को समाप्त किया जा चुका है। धीमान ने बताया सरकार शिक्षकों का स्थायी समाधान करने की बजाय सड़क पर ही रखना ज्यादा पसंद कर रही है। संघ के महासचिव राजीव सैनी ने बताया जब शिक्षा विभाग के पास स्थायी पॉलिसी के तहत कंप्यूटर शिक्षकों के 3216 पद स्वीकृत हैं तो सरकार उनको समायोजित क्यों नहीं कर रही।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें