विधानसभा चुनाव से पहले सैलजा-हुड्डा की जोड़ी ने संभाली हरियाणा कांग्रेस की कमान
हरियाणा कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्षा कु. सैलजा ने प्रदेश कांग्रेस की कमान संभाल दी है। चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में सैलजा ने कार्यभार संभाला।
जेएनएन, चंडीगढ़। विधानसभा के चुनावी समर में कांग्रेस नए तेवरों के साथ उतरेगी। हरियाणा कांग्रेस की पहली महिला प्रदेश अध्यक्ष बनी कुमारी सैलजा ने चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में पदभार संभाल लिया। इस दौरान विधायक दल की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को कांग्रेस विधायक दल का नया नेता चुन लिया गया। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और हरियाणा प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने हुड्डा और सैलजा को पदभार ग्रहण कराते हुए उम्मीद जताई कि नई जोड़ी विधानसभा चुनावों में रंग दिखाएगी।
हुड्डा-सैलजा की ताजपोशी का साक्षी बनने के लिए पूरे प्रदेश से समर्थक जुटे थे। दोनों नेता विभिन्न जिलों से रोड शो निकालते हुए चंडीगढ़ पहुंचे। पंजाब के कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ और पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल के साथ गुलाम नबी आजाद ने हुड्डा और सैलजा को कुर्सी पर बैठाते हुए कहा कि अब यह दोनों नेता विभिन्न समितियों का गठन कराएंगे। इलेक्शन कैंपेन कमेटी, इलेक्शन मेनिफेस्टो कमेटी और इलेक्शन कमेटी का अगले तीन-चार दिन में गठन कर दिया जाएगा ताकि चुनाव अभियान गति पकड़ सके।
गुलाम नबी आजाद ने कहा कि पूर्व में पार्टी के सत्ता में रहते कार्यकर्ताओं की क्षेत्रवाद और जातिवाद के कारण अनदेखी हुई जिसका हमने शाप भी भुगता है। अब यह गलती नहीं होगी और सभी को साथ लेकर चलेंगे। कुमारी सैलजा ने कहा कि हमें सीधे विधानसभा चुनाव में जाना है, इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को तत्काल चुनाव अभियान में जुट जाना चाहिए। हमारे पास कुछ जगह संगठन की कमी है, लेकिन अब हमें इसमें नहीं जाना। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के चुनाव घोषणापत्र में हर वर्ग के लोगों को महत्व दिया जाएगा।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सैलजा-हुड्डा की जोड़ी को आश्वासन दिया कि वह उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे। उनका जो भी आदेश होगा उसका पालन किया जाएगा। सभी नेताओं ने विधानसभा चुनाव में अपना सौ फीसद सहयोग देने का भरोसा दिया।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें