मकानों में घुसा पानी, निगम के दो जेई को लोगों ने बनाया बंधक
मानसून शुरू होते ही शहर में जगह-जगह जलभराव की स्थिति पैदा होने लगी है।
जागरण संवाददाता, पंचकूला : मानसून शुरू होते ही शहर में जगह-जगह जलभराव की स्थिति पैदा होने लगी है। शहर के अधिकतर इलाकों में ड्रेनेज सिस्टम साफ न होने के चलते पानी भर रहा है और लोगों को भारी परेशानी का उठाना पड़ रहा है। सेक्टर-19 हुडा के मकानों में बरसात का पानी भरने से नाराज लोगों ने नगर निगम के दो जेई को बंधक बना लिया और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जब दोनों जेई को लोग छोड़ने के लिए तैयार नहीं हुए, तो निगम के एक्सईएन को मौके पर आकर लोगों को आश्वासन देना पड़ा। इसके बाद लोगों ने दोनों जेई को छोड़ा। निगम के अधिकारी लोगों को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन लोगों ने उनकी एक नहीं सुनी। सेक्टर के निवासी विनोद शर्मा भोलू, दुली चंद, अरविद, डीआर शर्मा सहित अन्य ने बताया कि वीरवार को बरसात के बाद घरों के अंदर पानी आ गया। लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों को सूचित किया। निगम के दो जेई समस्या का समाधान करने के लिए पहुंचे, परंतु उन्हें पकड़ लिया गया। लोगों ने खूब खरी खोटी उन दोनों को सुनाई। लोगों ने बताया कि 10 जुलाई को मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखकर बताया गया था कि हल्की सी बरसात के बाद ही हुडा प्लॉटों में लोगों के घरों में पानी घुस गया था। बरसात का पानी बैडरुमों एवं रसोई तक घुस गया। इससे घर में रखे सामान का काफी नुकसान हुआ था। इससे पूर्व भी कई बार लोग प्रशासन के ध्यान में यह बात ला चुके हैं, लेकिन आज तक कोई हल नहीं हुआ। लोग बोले, कुछ समय पहले बिछाई पाइप लाइन का भी फायदा नहीं
लोगों ने बताया कि कुछ समय पूर्व बरसात के पानी की निकासी के लिए सेक्टर में पाइप लाइन बिछाई गई थी, परंतु उसका कोई फायदा नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि नगर निगम द्वारा समय रहते ड्रेनेज की सफाई न करने के कारण यह समस्या और बढ़ने वाली है। अभयपुर में भी बरसात से बढ़ी मुश्किल
गांव अभयपुर में बरसात के कारण काफी पानी भर गया और लोग आने जाने से परेशान हुए। पूर्व पार्षद सुभाष चंद निषाद, अंकुश निषाद ने कहा कि नगर निगम की लापरवाही का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ता है। हर साल गांव अभयपुर के लोगों को इस तरह की समस्या से परेशान होना पड़ता है। सुभाष निषाद ने मांग की है कि गांव अभयपुर में सीवरेज व्यवस्था और पानी की निकासी का तुरंत किया जाए।