केंद्रीय बजट में गांव, गरीब और किसानों के लिए कदम को विधानसभा चुनाव में भुनाएगी भाजपा
केंद्रीय बजट में किसानों गांव और गरीबों के लिए उठाए गए कदमों का भाजपा हरियाणा के विधानसभा चुनाव में लाभ उठाएगी। पार्टी इसे भुनाने की पूरी कोशिश करेगी।
नई दिल्ली, [बिजेंद्र बंसल]। केंद्रीय आम बजट में गांव, गरीब और किसानों के लिए उठाए गए कदमों व प्रावधानों को भाजपा हरियाणा के विधानसभा चुनाव में भुनाएगी। भाजपा नेताओं का मानना है किे यह बजट विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत का मजबूत आधार बनाने में सहायक साबित होगा। गांव, गरीब और किसान पर केंद्रित इस बजट में घर खरीदने के लिए ऋण ब्याज पर डेढ़ लाख रुपये की अतिरिक्त छूट भी मध्यम वर्ग को लुभाने में सहायक रहेगी।
मध्यम वर्ग को लुभाएगी घर खरीदने के लिए 2020 तक ऋणों पर डेढ़ लाख की अतिरिक्त छूट
हरियाणा में अक्टूबर माह में होने वाले विधनसभा चुनाव के मद्देनजर केंद्र सरकार के आम बजट पर प्रदेश के सभी दलों की नजरें थीं। बेशक बजट में पेट्रोल-डीजल पर बढ़ाए गए सेस के कारण विपक्ष काे सरकार पर हमले का मौका मिलेगा, लेकिन इलेक्ट्रिक वाहनों पर कर में कमी का भाजपा पूरा फायदा उठाने की कोशिश चुनाव में करेगी।
भाजपा नेताओं का कहना कि इससे केंद्र सरकार ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी संजीदगी को दर्शा दिया है। केंद्र सरकार के बजट में ग्रामीण विकास, गरीबों के उत्थान से लेकर किसानों के हितों के लिए अनेक योजनाएं दी गई हैं। इससे साफ है कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को इसका लाभ मिलेगा।
कृष्णपाल गुर्जर और विपुल गोयल।
' देश की जनता के बेहतर भविष्य का बजट'
'' मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का यह पहला बजट भी गांव, गरीब और किसान के लिए है। यह भविष्य की पीढ़ी का बजट है। नए भारत के विकास का बजट है। इसमें देश की 130 करोड़ जनता के बेहतर भविष्य की परिकल्पना है। अब किसान भी अपने खेत में सौर ऊर्जा के जरिए बिजली उत्पादन करके राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका का विस्तार कर सकेगा। 45 लाख तक का घर खरीदने के लिए जो डेढ़ लाख रुपये की अतिरिक्त छूट का प्रावधान हुआ है,उससे आम आदमी को बड़ी राहत मिलेगी। ढांचागत विकास के लिए सौ लाख करोड़ रुपये का प्रावधान करने से देश विकास की राह पर चलेगा।
- कृष्णपाल गुर्जर, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री।
--------------
यह भी पढ़ें: कभी इस प्रदेश को कहा जाता था दूध दही का खाणा, अब युवा दे रहे ऐसा
'समग्र विकास काे समर्पित है बजट'
'' आम बजट समग्र विकास काे समर्पित है। इसके केंद्र में गरीब, किसान, गांव, नया भारत, मध्यम वर्ग, महिला, कॉरपोरेट, इंडस्ट्रीज हैं। सबका इसमें ध्यान रखा गया है। नए भारत के निर्माण का बजट है। यह बजट भारतीय अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन तक पहुंचाने के लक्ष्य को पूरा करेगा। पर्यावरण संरक्षण के लिए जहां इलेक्ट्रिक वाहनों पर कर छूट दी गई है वहीं डीजल,पेट्रोल पर सेस लगाया गया है। बजट भाजपा के संकल्प पत्र पर खरा उतरेगा। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर देश और प्रदेश ने अच्छा काम किया है।
- विपुल गोयल, उद्योग एवं पर्यावरण मंत्री, हरियाणा।