Move to Jagran APP

बरोदा चुनाव से पहले हरियाणा में 14 चेयरमैन नियुक्त, बराला को मिला पद, बबीता फोगाट भी मेन स्ट्रीम में

बरोदा उपचुनाव से ठीक पहले हरियाणा सरकार ने 14 चेयरमैन नियुक्त कर दिए हैं। इनमें भाजपा ने अपनी पार्टी के एक विधायक और एक निर्दलीय विधायक समेत नौ को चेयरमैन बनाया है। बराला को सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Thu, 15 Oct 2020 04:46 PM (IST)Updated: Thu, 15 Oct 2020 04:46 PM (IST)
बरोदा चुनाव से पहले हरियाणा में 14 चेयरमैन नियुक्त, बराला को मिला पद, बबीता फोगाट भी मेन स्ट्रीम में
सुभाष बराला एवं बबीता फौगाट। फाइल फोटो

जेएनएन, चंडीगढ़। बरोदा उपचुनाव से ठीक पहले हरियाणा की भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार ने एक दर्जन से ज्यादा राजनीतिक नियुक्तियां की हैं। हरियाणा सरकार ने वीरवार शाम को विभिन्न बोर्ड एवं निगमों में 14 नए चेयरमैन तथा एक वाइस चेयरमैन की नियुक्ति की। इनमें नौ नेता भाजपा के और पांच नेता उसकी सहयोगी जननायक जनता पार्टी (जजपा) के हैं। बोर्ड एवं निगमों के चेयरमैनों की यह पहली सूची है। कुल तीन सूचियां आनी हैं। दूसरी और तीसरी सूचियों में भाजपा व जजपा के कई विधायकों तथा पार्टी नेताओं को चेयरमैनी सौंपी जाएगी।

loksabha election banner

हरियाणा सरकार भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला को मुख्य धारा में ले आई है। पूर्व कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ के भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद बराला साइड लाइन हो गए थे। मुख्यमंत्री चाहते थे कि बराला को फिर से संगठन की बागडोर मिले, लेकिन ऐसा नहीं हुआ तो अब उन्हें हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बराला टोहाना से चुनाव लड़े थे और हार गए थे। वहां जजपा विधायक देवेंद्र बबली चुनाव जीते थे। देवेंद्र बबली और सुभाष बराला में अक्सर राजनीतिक टकराव रहता है, लेकिन सरकार ने अब बराला को बबली के समानांतर राजनीतिक ताकत प्रदान कर दी है।

पहली सूची में देवेंद्र बबली को चेयरमैन नहीं बनाया गया, लेकिन जननायक जनता पार्टी के तीन विधायक रामकरण काला, जोगी राम सिहाग, रामनिवास सुरजाखेड़ा, ईश्वर सिंह के पुत्र रणधीर सिंह और खरखौदा से जजपा के टिकट पर चुनाव लड़े पवन खरखौदा को चेयरमैन बनाया गया है। बाकी नौ नेता भाजपा के हैं। जोगी राम सिहाग को छोड़कर जजपा के चारों नेता दलित समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। पहली सूची में जजपा के बागी विधायक रामकुमार गौतम का नंबर नहीं पड़ा है।

हरियाणा सरकार ने होडल के भाजपा विधायक जगदीश नैय्यर को हरियाणा भूमि सुधार एवं विकास निगम, बादशाहपुर के निर्दलीय विधायक राकेश दौलताबाद को हरियाणा कृषि उद्योग निगम, बरवाला के जजपा विधायक जोगी राम सिहाग को हरियाणा आवास बोर्ड, शाहबाद के जजपा विधायक रामकरण काला को शुगर फेड एवं नरवाना के जजपा विधायक राम निवास सुरजाखेड़ा को हरियाणा खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया है।

चरखी दादरी से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुकी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बबीता फोगाट को हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन बनाया गया है। बबीता फोगाट ने हाल ही में खेल विभाग की उपनिदेशक पद से दूसरी बार नौकरी छोड़ी है। बबीता के चेयरपर्सन बनने के बाद वह पार्टी में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगी। पार्टी उन्हें बिहार व बरोदा चुनाव में भी फायरब्रांड नेता के रूप में उतारने वाली है।

कैथल जिले के भाजपा नेता कैलाश भगत को हैफेड का चेयरमैन बनाया गया। कैलाश भगत कैथल से तीन बार इनेलो के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं और पिछले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे। करनाल जिले की भाजपा नेत्री निर्मला बैरागी को हरियाणा पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम की चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। यमुनानगर जिले के राम निवास गर्ग को हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड, रेवाड़ी जिले के भाजपा नेता अरविंद यादव को हरको बैंक का चेयरमैन बनाया गया है। यह काफी अहम पोस्ट है।

भिवानी जिले के मुकेश गौड़ को हरियाणा युवा आयोग का चेयरमैन बनाया गया है। मुकेश गौड़ भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। सोनीपत जिले के जजपा नेता पवन खरखोदा को हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम एवं गुहला के जजपा विधायक ईश्वर सिंह के बेटे रणधीर सिंह को हरियाणा डेयरी विकास संघ का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। कुरूक्षेत्र जिले के भाजपा नेता धूमन सिंह किरमच को सरस्वती हैरिटेज बोर्ड का वाइस चेयरमैन बनाया गया है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.