103 सरकारी प्राथमिक स्कूल होंगे मर्ज, अब एक साथ पढ़ेंगे लड़के-लड़कियां; हरियाणा सरकार का फैसला
हरियाणा में 103 प्राथमिक विद्यालयों को मर्ज करने की तैयारी है, जो एक ही भवन या 100 मीटर के दायरे में संचालित हो रहे हैं।
-1789485918372_m.webp)
एक कैंपस या 100 मीटर के दायरे में संचालित 103 प्राथमिक विद्यालय होंगे मर्ज।
HighLights
हरियाणा में 103 प्राथमिक विद्यालयों को मर्ज करने की तैयारी
समान भवन या 100 मीटर दायरे के स्कूल होंगे शामिल
सह-शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया कदम
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में 103 प्राथमिक विद्यालयों को मर्ज करने की तैयारी है। लड़के-लड़कियों के यह स्कूल समान भवन में या फिर 100 मीटर दायरे के अंदर दूसरे भवन में चल रहे हैं।
इनमें से 77 राजकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय और राजकीय प्राथमिक विद्यालय एक ही भवन में संचालित हैं, जबकि 26 विद्यालय 100 मीटर के दायरे में चल रहे हैं। इन स्कूलों को मर्ज कर यहां सह शिक्षा दी जाएगी।
मौलिक शिक्षा निदेशक ने स्कूल मर्ज करने को लेकर संबंधित जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से रिपोर्ट मांगी है। अगर राजकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय में छात्राओं की संख्या अधिक है तो साथ लगते राजकीय प्राथमिक विद्यालय को उसमें मर्ज कर दिया जाएगा।
इसी तरह राजकीय प्राथमिक विद्यालय में छात्रों की संख्या अधिक हुई तो राजकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय को इसमें मर्ज किया जाएगा। बता दें कि शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों की संख्या कम होने के कारण पिछले सात वर्षों में 400 सरकारी स्कूलों को पास के स्कूलों में मर्ज किया है। हालांकि, इनमें से 137 स्कूलों (करीब 34.25 प्रतिशत) को विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने पर दोबारा खोल भी दिया गया।
