हरियाणा में 10 हजार एनएचएम कर्मी बर्खास्त, नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू
हरियाणा सरकार ने एनएचएम कर्मचारियों के हड़ताल खत्म न करने पर कड़ा रुख अपना लिया है। सरकार ने 10 हजार एनएचएम कर्मियों को बर्खास्त कर दिया है। नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने हड़ताल कर रहे एनएचएम कर्मचारियों के प्रति बेहद कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। प्रदेश सरकार ने चेतावनी के बाद भी काम पर नहीं लौटने के कारण करीब 10 हजार कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है। इसके साथ ही नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के हरियाणा के अधिकारियों को नई भर्ती प्रक्रिया आरंभ करने के निर्देश दिए हैैं। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव अमित झा, महानिदेशक डॉ. सतीश अग्रवाल और एनएचएम की प्रबंध निदेशक अमनीत पी कुमार मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: वास्तव में बड़ी धाकड़ हैं ये बेटियां, 20 में से 16 पर इनका कब्जा
स्वास्थ्य मंत्री ने मरीजों की सुविधा और उनके समुचित उपचार के लिए अस्पताल के आसपास आंदोलन किए जाने पर रोक लगा दी है। उन्होंने राज्य के सभी सिविल अस्पतालों के दो किलोमीटर के दायरे में निषेधाज्ञा (धारा 144) लगाने के निर्देश दिए, ताकि कोई आंदोलन न कर सके। राज्य में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के करीब साढ़े 12 हजार कर्मचारी पक्का करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैैं, जिस कारण अस्पतालों में कामकाज प्रभावित हो रहा है।
विज ने बैठक के बाद कहा कि सरकार इन कर्मचारियों पर 180 करोड़ रुपये वार्षिक खर्च कर रही है। कर्मचारियों के वेतनमान में पहले पांच फीसद और दूसरी बार तीन फीसद की बढ़ोतरी की गई। वहीं सातवें वेतन आयोग के अनुसार 14.29 फीसद वेतन वृद्घि की अनुशंसा भी पहले ही की जा चुकी है।
यह भी पढ़ें: फेसबुक पर आइडी बनाने के ये हैं खतरे, लुधियाना की युवती हो गई परेशान
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि हड़ताल पर गए एनएचएम कर्मचारियों को नोटिस दिया गया था, जिसके बाद काफी कर्मचारी ड्यूटी पर आ चुके हैैं। जो कर्मचारी काम पर नहीं लौटे, उन्हें बर्खास्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई। मरीजों को दिक्कत न हों, इसके लिए नई भर्ती की प्रक्रिया भी शुरू करने के निर्देश दिए जा चुके हैैं।