Move to Jagran APP

हरियाणा में आढ़तियों की हड़ताल समाप्‍त, सरकार ने मानी मांगें, फसल बेचने के लिए ई-नेम की अनिवार्यता खत्म

हरियाणा में आढ़तियों की हड़ताल समाप्‍त हो गई है। राज्‍य सरकार ने आढ़तियों की मांग मान ली और इसके बाद आढ़तियों के संगठन ने हड़तल स्‍थगित कर दी। इसके साथ ही अब राज्‍य में फसल बेचने के लिए ई-नेम की अनिवार्यता को समाप्‍त कर दिया गया है।

By Anurag AggarwaEdited By: Sunil kumar jhaPublished: Mon, 26 Sep 2022 06:27 PM (IST)Updated: Mon, 26 Sep 2022 06:27 PM (IST)
हरियाणा में आढ़तियों की हड़ताल समाप्‍त, सरकार ने मानी मांगें, फसल  बेचने के लिए  ई-नेम की अनिवार्यता खत्म
हरियाणा में आढ़तियों की हड़ताल समाप्‍त होने के बाद अब फसल खरीद सुचारु रूप से हो पाएगी। (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। हरियाणा सरकार ने धान की फसल की सरकारी खरीद के लिए ई-नेम पोर्टल पर पंजीकरण की अनिवार्यता खत्म कर दी है। इसके साथ ही आढ़तियों की पिछले आठ दिन से चल रही हड़ताल और चार दिन से करनाल में चल रहा अनशन भी स्थगित हो गया है। अब एक अक्टूबर से मंडियों में धान की फसल की सरकारी खरीद सुचारु रूप से हो सकेगी।

loksabha election banner

आठ दिनों से राज्‍य में चल रही थी आढ़तियों की हड़ताल 

आढ़ती एसोसिएशन के महासचिव विकास सिंघल ने आढ़तियों को मोबाइल से संदेश भेजकर कहा कि वे किसानों के हित में हड़ताल स्थगित करने के साथ ही मंडियों में खरीद कार्य शुरू कर दें। हरियाणा स्टेट अनाज मंडी आढ़ती एसोसिशन ने ई-नेम पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्यता के खिलाफ पिछले आठ दिन से अनिश्चितकालीन हड़ताल की हुई थी।

करनाल में चार दिन से चल रहा अनशन भी स्थगित, मंडियों में एक अक्टूबर से शुरू हो सकेगी धान की खरीद

पिछले तीन दिन हुई भारी वर्षा के कारण किसानों की मंडियों में बिकने वाली तैयार फसल खराब होने लगी तो राज्य सरकार ने हड़ताली आढ़तियों से वार्ता शुरू की। कृषि मंत्री जेपी दलाल ने आढ़तियों से दो दिन पहले शनिवार को नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में हड़ताल खत्म करने का आग्रह किया था। लेकिन आढ़ती ई-नेम पोर्टल की अनिवार्यता खत्म करने की मांग पर अड़े थे।

रविवार देर सायं राज्य सरकार ने ई-नेम पोर्टल की अनिवार्यता खत्म करने का आदेश जारी किया तो सोमवार सुबह आढ़ती एसोसिएशन ने करनाल धरना स्थल पर जिला प्रधानों की बैठक बुला ली। इसके बाद हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया गया। बरसात के कारण किसानों की खेतों में खराब हो रही फसल के चलते राज्य सरकार पर हड़ताल खत्म करवाने और आढ़तियों पर भी हड़ताल खत्म करने का दबाव बढ़ रहा था।

नवीन जयहिंद से लेकर विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी आढ़तियों को समर्थन देने करनाल पहुंचे

सोमवार को विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पूर्व विधानसभा स्पीकर कुलदीप शर्मा के साथ आढ़तियों के धरनास्थल गए और उन्होंने आढ़तियों काे आश्वस्त किया कि कांग्रेस की सरकार आने पर उनकी सभी मांग मान ली जाएगी। हुड्डा ने किसान हित में आढ़तियों से धरना और हड़ताल खत्म करने आ आग्रह किया। इससे पहले आंदोलनकारी नवीन जयहिंद ने आढ़तियों से किसान हित में हड़ताल खत्म करने की मांग की थी। आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान अशोक गुप्ता ने हड़ताल स्थगित करते हुए व्यापारियों का आभार जताया।

आढ़तियों को मिला मार्केट फीस कम करने का आश्वासन

आढ़तियों की ई-नेम पार्टल में पंजीकरण अनिवार्यता के अलावा अन्य कई मांगे भी थीं। इनमें मार्केट फीस चार फीसद से दो फीसद करने की मुख्य मांग थी। बताया जा रहा है कि शनिवार को हरियाणा भवन में हुई बैठक के बाद कृषि मंत्री जेपी दलाल ने आढ़तियों को इसे भी शीघ्र कम करने का आश्वासन दिया है। हालांकि इस पर अंतिम फैसला मंत्रिमंडल की बैठक में लिया जाएगा।

राज्य सरकार आढ़तियों को दूसरे राज्यों के किसानों से फसल खरीद के लिए भी नहीं रोकेगी। ऐसा आश्वासन सरकार की ओर से अनौपचारिक रूप से दिया जा चुका है। आढ़ती अपना कमीशन भी ढाई फीसद चाहते हैं। इसके लिए राज्य सरकार ने अपनी संस्तुति केंद्र सरकार को भेजने का आश्वासन दिया है। अगले कुछ दिनों में आढ़तियों का प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय कृषि मंत्री और खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री से भी मिल सकता है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.