यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 29, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भिडूकी के मुख्य रास्ते पर भरा पानी बना परेशानी का सबब
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों से लेकर उप मंडल अधिकारी कार्यालय के चक्कर काट चुके हैं लेकिन सुनवाई नहीं हुई।

संवाद सहयोगी, होडल: गांव भिडूकी के मुख्य रास्ते पर पिछले कई महीनों से पानी भरा हुआ है, जिसके कारण ग्रामीण परेशान हैं। होडल से हसनपुर जाने वाले इस रास्ते पर पानी भरे होने के कारण गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जो यहां से निकलने वाले वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का सबब बने हुए हैं। कई बार इन गड्ढों में फंसकर वाहन चालक गिरकर चोटिल हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों से लेकर उप मंडल अधिकारी कार्यालय के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। विभागीय अधिकारी एक दूसरे विभाग की जिम्मेदारी बताकर चलता कर रहे हैं। सड़क पर भरे पानी के कारण गांव में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता सतीश कुमार का कहना है कि कुछ ग्रामीणों ने अपने घरों से निकले वाले गंदे पानी की पाइपें रास्ते पर डाल रखी हैं। सड़क मार्ग में कुछ हिस्से में झील बनी है, जिसके कारण पानी सड़क पर एकत्रित हो जाता है। इस मामले में खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय को भी अवगत कराया जा चुका है। अस्थाई तौर पर वाटर हारवेस्टिग की भी व्यवस्था कराई गई थी, लेकिन वह कुछ समय चलने के बाद अवरुद्ध हो गई।
गांव का मुख्य रास्ता पिछले कई महीनों से पानी से भरा हुआ है। बारिश के समय तो इस रास्ते पर चलना भी मुहाल हो जाता है। शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
रविद्र कुमार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को इस मामले में कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन उक्त विभाग दूसरे विभाग की जिम्मेदारी बताकर अपना पल्ला झाड़ रहा है।
रतन सिंह गांव के मुख्य रास्ते पर महीनों से गंद पानी भरा हुआ है। स्कूली बच्चे भी इसी रास्ते से जाते हैं। विभाग को इस ओर ध्यान देना चाहिए।
मुकेश कुमार विभागीय उच्च अधिकारियों को सड़क निर्माण के लिए एस्टीमेट बनाकर भेज दिया है। मंजूरी मिलने के बाद रास्ते का निर्माण कराया जाएगा।
- सतीश कुमार,कनिष्ठ अभियंता लोक निर्माण विभाग
