विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल में विधायक कार्यालय के बाहर पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, बोलेरो से टक्कर मार धारदार हथियारों से हमला

Published: Thu, 17 Sep 2026 01:32 PM (IST)

पलवल के हथीन में विधायक कार्यालय के बाहर पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. पलवल में विधायक कार्यालय के बाहर पुरानी रंजिश में झड़प।

  2. आरोपियों ने बोलेरो से क्रेटा कार को टक्कर मारी।

  3. धारदार हथियार और ईंटों से हमला कर एक घायल।

जागरण संवाददाता, पलवल। पलवल के हथीन थाना क्षेत्र की जलेब खां कॉलोनी में विधायक इजराइल के कार्यालय के बाहर पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है।

आरोपितों ने पहले तो जान से मारने की नीयत से खड़ी क्रेटा कार में अपनी बोलेरो से सीधी टक्कर मारी और फिर कार से निकले युवकों पर धारदार हथियार, डंडों व ईंट से हमला कर दिया।

इसके बाद भागते समय आरोपितों ने पीड़ित पक्ष की दूसरी गाड़ी में भी टक्कर मार दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में क्या दी शिकायत?

गुराक्सर गांव निवासी जाहुल खान ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि वे अपने भाई साकिर, साबिर, यूनुस व अन्य लोगों के साथ किसी काम से विधायक कार्यालय जलेब खां कॉलोनी हथीन में आए थे। जब वे अंदर बैठे थे, तभी बाहर शोर सुनाई दिया।

बाहर आकर देखा तो पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही शकील, मुस्तकीम, इशताक, साकिब और आमिर अपनी बोलेरो गाड़ी से आए और उन्होंने पास खड़ी पीड़ित पक्ष की क्रेटा कार में जान से मारने की नीयत से सीधी टक्कर मार दी। उस वक्त कार में पीड़ित का भाई साबिर व मुस्ताक बैठे हुए थे।

टक्कर लगते ही जैसे ही साबिर और मुस्ताक गाड़ी से बाहर निकले, आरोपितों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। आरोपित शकील ने फर्सेनुमा नुकीले हथियार से साबिर के सिर पर वार कर दिया, जबकि इशताक ने डंडे से हमला किया।

मदद के लिए आ रहे जुनैद की कार में भी मारा टक्कर

वहीं मुस्तकीम ने पेट पर ईंट मारी और आमिर ने कॉलर पकड़कर लात-घूंसों से पिटाई की। जाहुल, मुस्ताक और आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद साबिर को आरोपितों के चंगुल से छुड़ाया, जिसके बाद आरोपित जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से भाग निकले।

घटना की सूचना पाकर जब परिवार का सदस्य जुनैद अपनी स्कार्पियो से मदद के लिए आ रहा था, तो भाग रहे आरोपितों ने हथीन रेस्ट हाउस चौक पर उसकी गाड़ी में भी पीछे से टक्कर मार दी और थाना हथीन के पास तक पीछा किया।

घायल साबिर को पहले सरकारी अस्पताल हथीन ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने उसे नागरिक अस्पताल पलवल रेफर कर दिया।

यह भी पढ़ें- पलवल में 4 साल की दीपांशी की मौत के बाद जागा प्रशासन, खुले मैनहोल की जांच के लिए समिति गठित