पलवल में सेल्स टैक्स अधिकारी बनकर 41 टन सरिये से भरा ट्राला लूटा, ड्राइवर को अगवा कर राजस्थान की पहाड़ियों में छोड़ा
पलवल में सोहना रोड पर फर्जी सेल्स टैक्स अधिकारी बनकर बदमाशों ने हथियार के बल पर 41 टन सरिये से ...और पढ़ें

सोहना रोड पर सेक्टर-दो मोड़ के पास फर्जी सेल्स टैक्स अधिकारी बनकर आए बदमाशों ने की लूटपाट। एआई इमेज
HighLights
पलवल में फर्जी सेल्स टैक्स अधिकारी बनकर ट्राला लूटा गया।
बदमाशों ने 41 टन सरिये से लदा ट्राला हथियार के बल पर लूटा।
चालक को अगवा कर राजस्थान की पहाड़ियों में फेंककर फरार हुए।
जागरण संवाददाता, पलवल। सोहना रोड पर सेक्टर-दो मोड़ के पास फर्जी सेल्स टैक्स अधिकारी बनकर आए बदमाशों ने हथियार के बल पर लोहे के सरियों से लदे ट्राला को लूट लिया। बदमाशों ने ट्राला चालक के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल और पर्स छीन लिया, फिर उसे अगवा कर राजस्थान की पहाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।
दिल्ली के विकासपुरी निवासी लोहा कारोबारी योगेश गुप्ता की शिकायत पर पशहर थाना पुलिस ने पांच अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लोहा व्यापारी योगेश गुप्ता ने झारखंड ट्रांसपोर्ट कंपनी के जरिए अशोक लीलैंड ट्राला किराये पर लिया था, जिसमें चालक मोहम्मद मुबारक खान बोकारो से 41.4 मीट्रिक टन सरिया लादकर गुरुग्राम के लिए निकला था।
उन्होंने पुलिस को बताया है कि यमुना एक्सप्रेसवे और टप्पल होते हुए ट्रोला जब पलवल के पास केएमपी फ्लाईओवर के नीचे पहुंचा, तभी बिना नंबर प्लेट की एक सफेद बोलेरो गाड़ी उसका पीछा करने लगी। देर रात करीब साढ़े 12 बजे सोहना रोड पर बोलेरो सवारों ने ओवरटेक करके ट्रोला रुकवाया और खुद को सेल्स टैक्स विभाग का अधिकारी बताकर कागजात मांगे।
आरोप है कि ड्राइवर को जब बदमाशों पर शक हुआ और उसने अपने साथी को फोन करने की कोशिश की, तो आरोपितों ने उसे जबरन गाड़ी से नीचे खींचकर उसकी गर्दन पर मुक्का मारा और हथियार दिखाकर बोलेरो में डाल लिया। बदमाशों ने चालक की आंखों पर गमछा बांधकर उसका पर्स व मोबाइल छीन लिया, जिसके बाद दो आरोपित सरिये से भरा ट्रोला लेकर चंपत हो गए।
इसके बाद बाकी तीन आरोपित ड्राइवर को राजस्थान के पिरुका गांव की पहाड़ियों में जान से मारने की धमकी देकर छोड़ आए। किसी तरह बंधन मुक्त होकर चालक नजदीकी थाने पहुंचा और मालिक को सूचना दी। जिला पुलिस प्रवक्ता संजय कादयान के अनुसार मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
