विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल में 21 अक्टूबर को लगेगा विशाल रोजगार मेला, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे शिरकत

Published: Wed, 09 Sep 2026 05:18 PM (IST)

पलवल में 21 अक्टूबर को राज्यस्तरीय मेगा जॉब फेयर का आयोजन होगा, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे। यह हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित किया जाएगा।

21 अक्टूबर को पलवल जॉब फैयर में सीएम नायब सैनी करेंगे शिरकत।

21 अक्टूबर को पलवल जॉब फैयर में सीएम नायब सैनी करेंगे शिरकत।

HighLights

  1. पलवल में 21 अक्टूबर को राज्यस्तरीय मेगा जॉब फेयर।

  2. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि, युवाओं को मिलेगा रोजगार।

  3. हरियाणा के 17 जिलों में सितंबर से दिसंबर तक रोजगार अभियान।

जागरण संवाददाता, पलवल। नौकरी की तलाश कर रहे जिले के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। हरियाणा सरकार प्रदेश में पहली बार बड़े स्तर पर 17 जिलों में मेगा जॉब फेयर आयोजित करने जा रही है। सितंबर से दिसंबर तक चलने वाले इस रोजगार अभियान के तहत 21 अक्टूबर को पलवल में राज्यस्तरीय मेगा जॉब फेयर आयोजित किया जाएगा।

इसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। रोजगार मेले के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की तैयारी है।

सरकार की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार कुरुक्षेत्र में 9 सितंबर को मुख्यमंत्री की मौजूदगी में पहले राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन होगा। इसके बाद सितंबर में अंबाला, रेवाड़ी, यमुनानगर, सिरसा, भिवानी, कैथल और चरखी दादरी में रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे।

अक्टूबर में रोहतक, फतेहाबाद, नूंह, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, पलवल, गुरुग्राम, पानीपत और झज्जर में अभियान पहुंचेगा। नवंबर और दिसंबर में भी विभिन्न जिलों में रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे।

रोजगार निदेशालय नोडल एजेंसी

मेगा जॉब फेयर के लिए रोजगार निदेशालय को नोडल एजेंसी बनाया गया है। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग को आयोजन स्थल, लॉजिस्टिक्स, प्रचार-प्रसार और सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है। निजी क्षेत्र के नियोक्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में जोड़ने के साथ विश्वविद्यालयों, पॉलिटेक्निक, आइटीआइ और उच्च शिक्षण संस्थानों के माध्यम से युवाओं को रोजगार मेले में पहुंचाने की योजना है।

मंत्री-सांसदों को भी सौंपी जिम्मेदारी

सरकार ने प्रत्येक जिले के रोजगार मेले के लिए मंत्री और सांसदों की जिम्मेदारी तय की है। 7 सितंबर को अंबाला में राज्यसभा सदस्य संजय भाटिया और रेवाड़ी में राज्यमंत्री राजेश नागर ने कमान संभाली। 14 सितंबर को यमुनानगर में मंत्री अनिल विज, 16 सितंबर को सिरसा में मंत्री कृष्ण लाल पंवार, 17 सितंबर को भिवानी में मंत्री महिपाल ढांडा तथा 21 सितंबर को कैथल में मंत्री श्याम सिंह राणा और चरखी दादरी में मंत्री श्रुति चौधरी मौजूद रहेंगी।

अक्टूबर में नौ तारीख को फतेहाबाद में कृषि मंत्री कृष्ण कुमार और नूंह में राज्यमंत्री गौरव गौतम, 16 अक्टूबर को फरीदाबाद में सांसद कृष्ण पाल गुर्जर और महेंद्रगढ़ में मंत्री राव नरबीर सिंह, 21 अक्टूबर को पलवल में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, 23 अक्टूबर को गुरुग्राम में मंत्री विपुल गोयल, 28 अक्टूबर को पानीपत में मंत्री अरविंद कुमार शर्मा और 30 अक्टूबर को झज्जर में मंत्री आरती सिंह राव की जिम्मेदारी तय की गई है।

नवंबर-दिसंबर में 16 नवंबर को करनाल में सांसद नवीन जिंदल, 14 दिसंबर को पंचकूला में सांसद मनोहर लाल और सोनीपत में सांसद सुभाष बराला तथा 28 दिसंबर को हांसी में सांसद धर्मवीर सिंह रोजगार मेले में शामिल होंगे।

सरकार और रोजगार निदेशालय के निर्देशानुसार मेले की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। रोजगार की तलाश कर रहे युवक-युवतियां निर्धारित तिथि को मेले में भाग ले सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के लिए नजदीकी आईटीआई से संपर्क किया जा सकता है। - भगत सिंह, आईटीआई पलवल के प्रधानाचार्य एवं सह नोडल अधिकारी

यह भी पढ़ें- पलवल में यूजीसी नियमों के खिलाफ बाजार रहे पूरी तरह बंद, सवर्ण समाज ने मीनार गेट पर दिया धरना