विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल बस अड्डा चौक फिर बंद: त्योहारों पर जाम से राहत या व्यापारियों के लिए नई मुसीबत

Published: Sun, 11 Oct 2026 03:55 PM (IST)

प्रशासन ने पलवल के व्यस्त बस अड्डा चौक को यातायात सुधारने और जाम से मुक्ति दिलाने के लिए सीमेंटेड डिवाइडर लगाकर फिर से बंद कर दिया है।

पलवल बस अड्डा चौक फिर बंद ( एआई जेनरेटेड इमेज)

पलवल बस अड्डा चौक फिर बंद ( एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. पलवल बस अड्डा चौक यातायात सुधारने हेतु पुनः बंद।

  2. त्योहारी सीजन और धान के कारण लिया गया निर्णय।

  3. दुकानदारों और दैनिक यात्रियों को हो रही परेशानी।

अशोक कुमार यादव, पलवल। शहर के यातायात को सुधारने और आम जनता को जाम के झंझट से मुक्ति दिलाने के लिए प्रशासन ने एक बार फिर कड़ा कदम उठाते हुए व्यस्तम बस अड्डा चौक को पुनः सीमेंटेड डिवाइडर लगाकर पूरी तरह से बंद कर दिया है।

चौक बंद होने से यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है और वाहन बिना किसी बाधा के निकल रहे हैं, जबकि आम दिनों में इस मार्ग पर भारी ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती थी।

खरीदारों की उमड़ती भीड़

यातायात प्रभारी रविकांत ने बताया कि धान के चल रहे सीजन और आगामी दीपावली के त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए इस चौक को अस्थाई तौर पर बंद किया गया है। त्योहारी सीजन में बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ती है और धान के कारण ट्रकों व ट्रैक्टरों का दबाव बढ़ जाता है।

ऐसे में नागरिकों और बाहर से आने वाले यात्रियों को सुगम यातायात मिल सके, इसलिए दीपावली तक चौक को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

पिछले साल भी उठाया गया था ऐसा ही कदम

गौरतलब है क बीते अक्टूबर-2024 में भी तत्कालीन जिला उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ के निर्देशों पर चौक को बंद किया गया था। उस दौरान भी आम जनता को जाम से राहत मिली थी, लेकिन बस अड्डा मार्केट के दुकानदारों ने इसका कड़ा विरोध किया था। दुकानदारों का तर्क था कि चौक बंद होने से उनकी दुकानदारी ठप हो गई है। अपनी समस्या को लेकर सभी दुकानदार खेल मंत्री गौरव गौतम से मिले थे, जिसके बाद उनके हस्तक्षेप से चौक को दोबारा खोला गया था।

रेलवे के दैनिक यात्रियों की बढ़ी परेशानी

चौक बंद होने से दिल्ली, फरीदाबाद, बल्लभगढ़, ओखला, हजरत निजामुद्दीन और तिलक ब्रिज आदि जगहों पर रोजाना सफर करने वाले करीब 20 हजार दैनिक यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुख्य सड़क सीधे रेलवे स्टेशन की ओर जाती थी, लेकिन अब यात्रियों को अलावलपुर चौक से होते हुए सब्जी मंडी और अनाज मंडी के रास्ते से गुजरना पड़ रहा है।

सुबह के समय सब्जी मंडी क्षेत्र में पहले से ही जाम रहता है, ऊपर से धान के सीजन के चलते अनाज मंडी में ट्रैक्टरों और ट्रकों की आवाजाही से वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे यात्रियों का समय और ऊर्जा दोनों बर्बाद हो रहा है।

व्यापारियों और दुकानदारों की मिली-जुली प्रतिक्रिया

इस मामले पर व्यापारियों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। बस अड्डा मार्केट के प्रधान सुरेंद्र मंगला ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए वह प्रशासन के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।

दूसरी ओर, हाकर ज्वाइंट एक्शन कमेटी के प्रधान खेमचंद डागर, सुभाष चंद, कैलाशी और मोहन ने चौक बंद किए जाने का कड़ा विरोध किया है। उनका कहना है कि चौक बंद होने से उनका व्यापार चौपट हो जाएगा और ग्राहकों को मीनार गेट जाने के लिए किठवाड़ी चौक से लंबा चक्कर काटना होगा।

उन्होंने चिंता जताई कि मंदी के दौर में चौक बंद होने से उनके बचे-कुचे व्यापार पर भी बेहद नकारात्मक असर पड़ेगा।