विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल बार एसोसिएशन चुनाव का 11 सितंबर को मतदान, प्रधान पद पर त्रिकोणीय मुकाबला

Published: Wed, 09 Sep 2026 08:20 PM (IST)

पलवल जिला बार एसोसिएशन के चुनाव 11 सितंबर को होंगे, जिसमें प्रधान पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबला है। अधिवक्ताओं की ...और पढ़ें

बार एसोसिएशन पद के प्रत्याशी।

बार एसोसिएशन पद के प्रत्याशी।

HighLights

  1. पलवल बार एसोसिएशन चुनाव के लिए 11 सितंबर को मतदान।

  2. प्रधान पद पर दीपक, नेत्रपाल और वेद प्रकाश में त्रिकोणीय मुकाबला।

  3. अधिवक्ताओं की बैठने व पार्किंग समस्या प्रमुख चुनावी मुद्दा।

जागरण संवाददाता, पलवल। जिला बार एसोसिएशन के 11 सितंबर को होने वाले चुनाव के लिए चुनाव प्रचार का अंतिम दौर जारी है। प्रत्याशियों ने अधिवक्ताओं के बीच जाकर समर्थन जुटाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।

इस बार के चुनाव में सबसे दिलचस्प मुकाबला प्रधान पद को लेकर देखने को मिल रहा है, वहीं अधिवक्ताओं की रोजमर्रा की समस्याएं भी चुनावी गणित को तय करने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

चुनाव निर्वाचन अधिकारी जोगेन्द्र चौहान ने बताया कि इस बार कुल 1,893 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव में प्रधान पद पर पूर्व प्रधान दीपक चौहान, नेत्रपाल चौहान और वेद प्रकाश गौड़ के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।

इनके बीच है कांटे की टक्कर

वहीं सचिव पद पर राकेश चौहान और कैलाश तंवर के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है, जबकि महासचिव पद के लिए आकाश भारद्वाज और तारा चंद आमने-सामने हैं।

वहीं उपाध्यक्ष पद पर मुनेंद्र शर्मा (मन्नु) और लेडी सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर अनुराधा शर्मा को निर्विरोध चुन लिया गया है।

बार परिसर में चुनावी सरगर्मियों के बीच अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया है कि वे उसी प्रत्याशी को अपना वोट देंगे जो परिसर की जमीनी समस्याओं के समाधान का ठोस भरोसा देगा।

अधिवक्ताओं के अनुसार युवा अधिवक्ताओं के लिए बैठने की पर्याप्त जगह न होना और परिसर में वाहनों की पार्किंग का अभाव भी लंबे समय से बड़ी समस्या बनी हुई है।

11 सितंबर को मतदान के बाद अस्तित्व में आने वाली नई कार्यकारिणी के सामने इन पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान निकालना सबसे बड़ी चुनौती रहेगा।

पिछली बार जोगेन्द्र चौहान बने थे प्रधान

पिछली बार हुए जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में प्रधान के पद पर जोगेन्द्र चौहान ने जीत दर्ज की थी। जोगेंद्र चौहान को 757 वोट, जबकि मुनीष भारद्वाज 625 वोट मिलेथे। उपाध्यक्ष पद पर जितेंद्र तंवर ने जीत हासिल की थी।

क्या कहना है अध्यक्ष पद के दावेदारों का

कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं के लिए सीट से जुड़ी समस्या को दूर किया जाएगा। सभी अधिवक्ताओं के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी- नेत्रपाल चौहान

अधिवक्ताओं के लिए कल्याण फंड और हेल्थ इंश्योरेंस की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। नए अधिवक्ताओं समेत सभी के सामाजिक और आर्थिक हितों को मजबूत करने पर जोर रहेगा- दीपक चौहान

नए अधिवक्ताओं के लिए स्टाइपेंड की व्यवस्था कराने के लिए बार काउंसिल से प्रभावी पैरवी की जाएगी। बार की आय का मासिक आडिट कर रिपोर्ट जारी की जाएगी, ताकि पारदर्शिता बनी रहे- वेद प्रकाश गौड़