विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल से नोएडा एयरपोर्ट जाना होगा आसान, यमुना पर 100 करोड़ से बनेगा 3-लेन का नया पुल; जाम से भी मुक्ति

Published: Tue, 23 Jun 2026 07:30 PM (IST)

यमुना नदी पर नए तीन लेन रहीमपुर पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है, जिससे पलवल और आसपास के ...और पढ़ें

नए पुल का चलता निर्माण कार्य। जागरण

नए पुल का चलता निर्माण कार्य। जागरण

HighLights

  1. यमुना पर 100 करोड़ की लागत से नया रहीमपुर पुल शुरू

  2. पलवल से नोएडा एयरपोर्ट तक सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी

  3. पुराने जर्जर पुल से यातायात दबाव कम होगा, सुरक्षा बढ़ेगी

अंकुर अग्निहोत्री, पलवल। यमुना नदी पर बने पुराने और जर्जर रहीमपुर पुल के समानांतर नए तीन लेन का पुल बनाने के काम की शुरुआत हो गई है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। NHAI ने 600 मीटर लंबे पुल के निर्माण का जिम्मा निर्मल बिल्ड इंफ्रा फ्राइवेट लिमिटेड नाम की एजेंसी को सौंपा है।

यह पुल पलवल के अलीगढ़ रोड को अलीगढ़ जिले के हामिदपुर/जुप्पा गांव होते हुए जेवर से जोड़ेगा। नए पुल के निर्माण से पलवल, फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और गुरुग्राम क्षेत्र के लोगों को जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक बेहतर और सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी।

वर्तमान में पलवल-अलीगढ़ मार्ग पर भारी यातायात का दबाव रहता है, जिसके चलते लोगों को अक्सर जाम और लंबी प्रतीक्षा का सामना करना पड़ता है।

पुराने पुल की हालत बनी चिंता का विषय

वर्ष 1985 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भजन लाल व तत्कालीन वित्तमंत्री वीपी सिंह की उपस्थिति में पुराने पुल का उद्घाटन हुआ था। अलीगढ़, बुलंदशहर, खुर्जा, जेवर, फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और पलवल व गुरुग्राम में रहने वाले उत्तर प्रदेश के करीब ढाई लाख लोगों का इस पुल से होकर गुजरते हैं।

अब यह पुल अब काफी खतरनाक स्थिति में पहुंच चुका है। इस पुल की सड़क पर कई जगह गड्ढे हो गए हैं। पुल के स्लैबों के बीच में बने एक्सपेंशन ज्वाइंट उखड़ गए हैं। उस पर दो पहिया व चार पहिया वाहन टकराते हैं। वाहनों में सवार लोगों को झटके लगते हैं।

सड़क पर भी कई जगह दरार पड़ गई है। पुल पर बना फुटपाथ ढह गया है। जिसके सरिये नदी की ओर लटके दिखाई देते हैं। पुल पर बनी रेलिंग से तो प्लास्टर झड़ कर गिर चुका है और उसके अंदर लगे सरिये बाहर ताक-झांक करते दिखाई पड़ रहे हैं।

ऐसे में भारी भरकम वाहनों का इस पुल से होकर गुजरना खतरे से खाली नहीं। दूसरी ओर इस पुल के संकरा होने की वजह से वाहनों की लंबी कतारें इस पुल के दोनों ओर लगी नजर आती है।

जिन्हें नियंत्रित करने में पुलिस को ऐड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ता है। प्रतिदिन हर दो मिनट में इस पुल पर से ट्रक, कंटेनर, बसें, पिकअप सहित अन्य भारी वाहन निकलते हैं। इस वजह से यहां यातायात का दबाव बना रहता है।

फिलहाल जारी रहेगा आवागमन

यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए पुराने पुल को फिलहाल बंद नहीं किया गया है। संबंधित एजेंसी द्वारा उसकी मरम्मत कराई जा रही है और वाहन उसी पुल से गुजर रहे हैं। नया पुल तैयार होने के बाद पुराने पुल का व्यापक नवीनीकरण किया जाएगा।

परियोजना पूरी होने के बाद दोनों पुलों का अलग-अलग उपयोग किया जाएगा। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार पलवल की ओर से आने वाले वाहन नए पुल का उपयोग करेंगे, जबकि अलीगढ़ की ओर से आने वाले वाहन पुराने पुल से गुजरेंगे। इससे यातायात का दबाव कम होगा और जाम की समस्या में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

लाखों लोगों को होगा फायदा

रहीमपुर पुल अलीगढ़, बुलंदशहर, खुर्जा, जेवर, फरीदाबाद, बल्लभगढ़, पलवल और गुरुग्राम के बीच महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन हजारों वाहन, जिनमें ट्रक, कंटेनर, बसें और अन्य भारी वाहन शामिल हैं, इस पुल से गुजरते हैं। नए पुल के निर्माण से न केवल यात्रा सुरक्षित होगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी।

यह भी पढ़ें- बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो कनेक्टिविटी का रास्ता लगभग तय, DPR अंतिम चरण में; बनेंगे 10 स्टेशन

यह भी पढ़ें- हरियाणा में नहीं काटना पड़ेगा तहसील का चक्कर, पेपरलेस रजिस्ट्रेशन-ऑटो म्यूटेशन लागू; 24 घंटे में होगा इंतकाल