Palwal: इंदिरा गांधी का पूरा जीवन देश के लिए त्याग व बलिदानों से भरा
Palwal प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि साहस व कुशल नेतृत्व की मिसाल भारत रत्न इंदिरा गांधी के संघर्ष को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इंदिरा गांधी का पूरा जीवन देश के लिए त्याग से भरा रहा। देश की एकता और अखंडता के लिए जीवन का बलिदान दे दिया।
पलवल, जागरण संवाददाता: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने कहा है कि आजीवन संघर्ष, साहस व कुशल नेतृत्व की मिसाल, भारत रत्न इंदिरा गांधी के संघर्ष को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इंदिरा गांधी का पूरा जीवन देश के लिए त्याग व बलिदानों से भरा रहा। देश की एकता और अखंडता के लिए अपने जीवन का बलिदान दे दिया। उनके राष्ट्र के प्रति समर्पण, राजनीतिक दृढ़ता और संर्घष को भारतवासी हर पल याद करते हैं।
उदयभान ने कहा कि बैंकों का राष्ट्रीयकरण व हरित क्रांति की शुरुआत करके इंदिरा गांधी ने देश की अर्थव्यवस्था व सामाजिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए। हमें इंदिरा गांधी के पदचिन्हों पर चलकर उनके सपनों को साकार करना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष ने यह बातें शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती अवसर पर कहीं। इस अवसर पर उन्होंने इंदिरा गांधी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उदयभान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं का पूरा मान सम्मान करती है तथा सभी को अपने साथ लेकर कार्य करती है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह अपने वार्ड एवं गांवों में जाकर कांग्रेस पार्टी की नीतियों एवं उनके विचारों का प्रचार प्रसार करने का कार्य करें। इससे पार्टी को और अधिक मजबूती मिलेगी।
इस मौके पर देवेश कुमार, राजेंद्र नंबरदार, भीम चेयरमैन, सुनील भारद्वाज, भूषण बेढा, हरीश चंद गर्ग, खेमचंद, मा रतन सिंह, मुकुट दरोगा, डा रामप्रसाद, डा सुरेश चंद, पृथ्वी सिंह जीतन मैंबर, किशन सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।