दीपावली से पहले पलवल के 13 गांवों को मिलेगा तोहफा, जेंदापुर सब स्टेशन शुरू होने खत्म होगी बिजली कटौती की समस्या
पलवल के जेंदापुर में 45 करोड़ रुपये की लागत से बना 66 केवी सब स्टेशन दीपावली से पहले चालू हो ...और पढ़ें
-1788004976556_m.webp)
दीपावली से पहले चालू हो जाएगा जेंदापुर सब स्टेशन, 13 गांवों को मिलेगी बेहतर बिजली आपूर्ति। जागरण
HighLights
जेंदापुर में 45 करोड़ का 66 केवी सब स्टेशन तैयार।
दीपावली से पहले चालू होने से 13 गांवों को लाभ।
बिजली कटौती, ओवरलोडिंग की समस्या होगी काफी कम।
जागरण संवाददाता, पलवल। पलवल में क्षेत्रवासियों के लिए इस दीपावली बिजली व्यवस्था में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है। जेंदापुर में करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा 66 केवी सब स्टेशन लगभग पूरा हो चुका है। फिलहाल अंतिम टेस्टिंग का काम चल रहा है।
बिजली निगम की ओर से इसे दीपावली से पहले चालू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सब स्टेशन के शुरू होने के बाद आसपास के 13 गांवों में बिजली कटौती और ओवरलोडिंग की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।
नवनिर्मित सब स्टेशन को 220 केवी हरफली सब स्टेशन से नई 66 केवी डबल सर्किट लाइन के माध्यम से जोड़ा जाएगा। इसके लिए लाइन बिछाने का काम भी किया जा रहा है। जेंदापुर सब स्टेशन के चालू होने से 220 केवी मेघपुर, 66 केवी सौना और मिंडकोला सब स्टेशनों पर अतिरिक्त भार कम होगा।
पांच से छह घंटे तक रहती थी बिजली कटौती
ग्रामीणों के अनुसार पहले कई गांवों में पांच से छह घंटे तक बिजली नहीं आती थी, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ किसानों और छोटे कारोबारियों को भी परेशानी होती थी। गर्मी में बिजली की मांग बढ़ने पर ओवरलोडिंग की समस्या और गंभीर हो जाती थी। नए सब स्टेशन के शुरू होने से इस समस्या में काफी कमी आने की उम्मीद है।
13 गांवों को मिलेगा सीधा फायदा
जेंदापुर में 66 केवी सब स्टेशन शुरू होने से जेंदापुर सहित आसपास के 13 गांवों को बेहतर एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है। इससे मौजूदा बिजली नेटवर्क पर दबाव कम होगा और उपभोक्ताओं को बार-बार होने वाली बिजली कटौती से राहत मिल सकती है।
निगम अधिकारियों के अनुसार, नई 66 केवी डबल सर्किट हरफली-जेंदापुर लाइन के जरिए सब स्टेशन को बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इससे नए लाइन क्षेत्र में बिजली आपूर्ति मजबूत होगी और वितरण व्यवस्था को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।
उटावड़ सब स्टेशन का चल रहा निर्माण
हथीन के उटावड़ गांव में भी बिजली की समस्या को दूर करने के लिए 66 केवीए बिजली सब-स्टेशन के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। इसके शुरु होने से उटावड़ और आसपास के ग्रामीण इलाकों में ओवरलोडिंग और पुरानी लाइनों के कारण होने वाली भारी बिजली कटौती से ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
इस नए सब स्टेशन के बनने से हथीन और बहीन सब-स्टेशनों पर बिजली का लोड कम होगा, जिससे क्षेत्र में सुचारू रूप से बिजली आपूर्ति की जा सकेगी।
