इनेलो सरकार आने पर व्यापारियों को मिलेगा पूरा सम्मान: चौटाला
संवाद सहयोगी, पलवल: हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा है कि प्रदेश में इ
संवाद सहयोगी, पलवल: हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा है कि प्रदेश में इनेलो की सरकार बनने पर नई व्यापार नीति बनाई जाएगी। व्यापारियों की एक समिति बनाकर प्रदेश भर के व्यापारियों के सुझाव लेकर व्यापारियों की समस्याएं दूर की जाएंगी। सरकार आने पर व्यापारियों को पूरा सम्मान दिया जाएगा। चौटाला बृहस्पतिवार की देर साय श्यामाकुंज में जिला इनेलो द्वारा आयोजित व्यापारी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रधान अजीत सिंह बॉबी ने की। संचालन हल्का प्रधान महेंद्र भड़ाना ने किया।
चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार में सबसे अपमानित व्यापारी हो रहा है। हर वर्ग के लोग परेशान हैं। व्यापारियों को कहीं लूटा जा रहा है तो कहीं उनसे फिरौती मागी जा रही है। इंस्पेक्टरी राज फिर शुरू हो गया है। राजनीतिक संरक्षण के कारण अपराधियों के हौंसले बुलंद हैं। व्यापारी वर्ग सुरक्षित नही हैं। जीएसटी व नोट बंदी ने व्यापारियों की कमर तोड़ दी है।
उन्होंने पलवल के विधायक करण सिंह दलाल पर जमकर निशाने साधे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में दलाल पर कोई लगाम नही है। इसलिए दलाल बेहुदगी की बातें कर रहे हैं। इनेलो सरकार में दलाल जैसे लोगों पर लगाम लग गई थी। भाजपा व हुड्डा सरकार की तुलना में व्यापारी को सबसे ज्यादा लाभ व सम्मान चौटाला के राज में मिला था। इंस्पेक्टरी राज खत्म हो गया था। आज सरकारी कार्यक्रमों में होने वाला खर्चा व्यापारियों से वसूला जा रहा है।
सम्मेलन में विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष गोपीचंद गहलौत, पूर्व विधायक सुभाष चौधरी, जिला व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुरेश ठेकेदार, उदयभान सिंगला, डीपी अरोड़ा ने विचार व्यक्त किए। इससे पहले चौटाला का स्वागत डॉ.प्रहलाद, राजेंद्र गर्ग पृथला, मेहरचंद दीघौट, उमेश गर्ग, हंसराज खन्ना, मदनलाल खन्ना ने किया।
इससे पहले अभय सिंह चौटाला ने गाव जैंदापुर, मंडनाका, गहलब, रतिपुर में सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने गाव मंडकौला में जाकर पूर्व विधायक रामजीलाल डागर के निधन पर शोक भी जाहिर किया।