जल्द घोषित होगा भाजपा का जिला संगठन, कवायद हुई तेज
भारतीय जनता पार्टी के जिला संगठन की कार्यकारिणी के गठन की कवायद तेज हो गई है तथा पार्टी संगठन में अपना स्थान बनाने के लिए कार्यकर्ताओं ने भी बड़े पदाधिकारियों के दरबार में दस्तक देनी शुरू कर दी है।
जागरण संवाददाता: भारतीय जनता पार्टी के जिला संगठन की कार्यकारिणी के गठन की कवायद तेज हो गई है तथा पार्टी संगठन में अपना स्थान बनाने के लिए कार्यकर्ताओं ने भी बड़े पदाधिकारियों के दरबार में दस्तक देनी शुरू कर दी है। गुरुग्राम व फरीदाबाद में संगठन की घोषणा के बाद उम्मीद है कि दिसंबर माह के पहले पखवाड़े में पलवल जिले की भी कार्यकारिणी की घोषणा हो जाए। पार्टी सूत्रों के अनुसार एक बार तो सूची तैयार भी की जा चुकी थी, लेकिन प्रदेश कार्यालय से उसमें कुछ बदलाव की बात कही गई है जिसके बाद एक बार पुन: मंथन शुरू किया गया है।
संगठन में दायित्व के नजरिए से जिलाध्यक्ष के बाद महामंत्री का पद महत्वपूर्ण माना जाता है। भाजपा में दो महामंत्री नियुक्त किए जाते हैं तथा इन दोनों पदों के लिए कार्यकर्ता अपनी जुगत भिड़ा रहे हैं।। क्योंकि निकट भविष्य में स्थानीय निकाय व पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव भी होने हैं तो पार्टी के रणनीतिकार संगठन में नियुक्तियों पर गंभीर मंथन करना चाह रहे हैं। वहीं जिले के विधायक तथा प्रभावशाली नेता चाहते हैं कि संगठन में उनके अधिक से अधिक समर्थक एडजस्ट हो जाएं। भाजपा सूत्रों के अनुसार जिला महामंत्री व उपाध्यक्ष पदों के लिए पार्टी के विधायकों व बड़े नेताओं में भी खींचतान है। जिलाध्यक्ष द्वारा पहले जो सूची तैयार की गई थी, उसकी भनक जब पार्टी के असरदार नेताओं को लगी तो उन्होंने प्रदेश मुख्यालय में दस्तक दी। इसके बाद संगठन के दो बड़े पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष तथा पार्टी के बड़े नेताओं के साथ बैठकर मंथन भी किया तथा जिलाध्यक्ष को सबको साथ लेकर चलने की सलाह दी, जिसके बाद पहले से तय कुछ नामों पर पुनर्विचार भी शुरू हो गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार संगठन में नए चेहरों को तरजीह दी जाएगी। जिला कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। संगठन में संघर्षशील तथा जमीनी पकड़ रखने वाले कार्यकर्ताओं को वरीयता दी जाएगी। स्थानीय सांसद, संगठन के वरिष्ठ नेताओं व जिले के तीनों विधायकों से मंत्रणा की जा ही है तथा जल्दी ही पदाधिकारियों की घोषणा कर दी जाएगी।
- चरण सिंह तेवतिया, जिलाध्यक्ष भाजपा