भारत के स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणा के योगदान की कहानी तस्वीरों की जुबानी
लघु सचिवालय में ट्रेजरी के समक्ष आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, पलवल: हरियाणा के सूचना, जन संपर्क एवं भाषा विभाग के तत्वावधान में अभिलेखागार विभाग के सहयोग से आयोजित प्रदर्शनी का मंगलवार को शुभारंभ करते हुए उपायुक्त कृष्ण कुमार ने हरियाणा के गौरवमयी इतिहास व वीरों की कुर्बानी पर गर्वानुभूति की। उन्होंने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणा का उल्लेखनीय योगदान रहा है, जिसकी स्पष्ट झलक प्रदर्शनी में देखने को मिल रही है।
लघु सचिवालय में ट्रेजरी के समक्ष आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है, जो तीन नवंबर के उपरांत आठ नवंबर को आम जनमानस के अवलोकनार्थ उपलब्ध रहेगी। उपायुक्त कृष्ण कुमार ने कहा कि हरियाणा वीरों की भूमि है, जिन्होंने स्वाधीनता संग्राम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रदेश के हर क्षेत्र ने अपना सक्रिय योगदान देश की आजादी की लड़ाई में दिया है। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान व योगदान को एक प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने का यह बेहतरीन प्रयास किया गया है। इससे आम जनमानस को अपने वीरों से रूबरू होने के साथ गौरवमयी इतिहास की जानकारी प्राप्त करने का सुअवसर मिला है। लोगों को इसका पूर्ण लाभ उठाना चाहिए। साथ ही स्कूल व कालेज के छात्र-छात्राओं को भी प्रदर्शनी का अवलोकन अवश्य करना चाहिए।
उपायुक्त कृष्ण कुमार ने कहा कि भारत की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। भारत को आजादी दिलवाने में 1857 की क्रांति का सबसे अहम योगदान था।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त उत्तम सिंह ने कहा कि देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ को अनूठे ढंग से मनाने के लिए प्रदेश भर में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इस प्रदर्शनी में जहां देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर शहीदों के जीवन की गौरव गाथा को दर्शाया गया है। वहीं देश की आजादी व हरियाणा प्रदेश के गठन के बाद हुई प्रगति को भी प्रदर्शित किया गया है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने युवाओं का आह्वान किया कि वे इस प्रदर्शनी का अवलोकन जरूर करें। इस दौरान जिला सूचना एवं जन संपर्क अधिकारी (डीआइपीआरओ) बिजेंद्र कुमार ने कहा कि यह प्रदर्शनी मुख्यमंत्री मनोहर लाल की पहल पर और मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव तथा सूचना, जन संपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डा. अमित कुमार अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन में पंचकूला से शुरू की गई है तथा यह प्रदर्शनी प्रदेश के सभी जिलों में भी आयोजित की जा रही हैं।
प्रदर्शनी की विस्तार से जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य हमारी युवा पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले वीर सेनानियों की गाथाओं से अवगत करवाना है। इस मौके पर नगराधीश अंकिता अधिकारी, जिला सूचना एवं जन संपर्क विभाग के आइसीए राजबीर सिंह, लिपिक विनोद, लीडर भजन पार्टी महाशय धर्मवीर सिंह, महाशय राजाराम, महाशय विक्रम सिंह, बीपीडब्ल्यू विजेंद्र सिंह, बीपीडब्ल्यू हेतराम व महेश, भजन पार्टियों के सदस्य लल्लू, जवाहर, मांगे, दुलीचंद, पुष्पा, प्रिया आदि मौजूद थे।