चारा लेने गई महिला से सामूहिक दुष्कर्म
जागरण संवाददाता, नूंह : तावडू में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। म
जागरण संवाददाता, नूंह :
तावडू में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दो आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार मामला 19 अप्रैल दोपहर ढाई बजे का है। तावडू खंड के शिकारपुर गांव की 30 वर्षीय महिला खेतों में पशुओं के लिए चारा लेने गई। इस दौरान वहां शिकारपुर गांव के शौकत और मोहम्मद उर्फ बिल्लू बाइक पर पहुंच गए। महिला को अकेला पाकर इन लोगों ने मारपीट करते हुए सामूहिक दुष्कर्म किया। साथ ही इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता किसी तरह इन लोगों के चंगुल से छूट कर अपने घर पहुंची। वारदात के दौरान पीड़िता का पति घर पर नहीं था। जब वह घर आया तो पीड़िता ने आपबीती बताई। इसके बाद पीड़िता का पति व पीड़िता 24 अप्रैल को महिला थाना नूंह पहुंची। पीड़िता ने पुलिस को आपबीती बताकर शिकायत दर्ज कराई। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया। जांच अधिकारी एसआइ कृष्णा देवी ने कहा कि पीड़िता की शिकायत पर शौकत और मोहम्मद उर्फ बिल्लू के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म व मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।