महिला अत्याचार के खिलाफ कैंडल मार्च निकाला : अमन
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर झिरका : देश में बढ़ रही दुष्कर्म और हत्याओं की घटना के
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर झिरका : देश में बढ़ रही दुष्कर्म और हत्याओं की घटना के विरोध में शुक्रवार की देर रात कांग्रेसियों द्वारा कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। कैंडल मार्च शहर के रामलीला मैदान से आंबेडकर चौक तक सरकार विरोधी नारे लगाते हुए पहुंचा। इस कैंडल मार्च में काफी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
इस मौके पर कांग्रेस नेता अमन अहमद के नेतृत्व में निकाले गए कैंडल मार्च में उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्नाव और कठुआ में हुई सामूहिक दुष्कर्म व निर्मम हत्या ने पूरे देश को हिलाकर रख दी है। ऐसे घटनाओं से स्पष्ट होता है कि मौजूदा सरकार में देश की कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ का नारा देने वाली भाजपा सरकार में महिलाओं पर अत्याचार बढे़ हैं। उन्होंने कहा कि बडे़ ताज्जुब की बात है कि ऐसे घिनौने कृत्य देने वालों को अभी तक जेल नहीं भेजा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार व उसके नुमाईदे अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं। शायद यही वजह है कि मामले से जुडे़ अपराधी अभी भी खुले में घूम रहें हैं। इस मौके पर पीसीसी सदस्य इमरान खान, जसमाल खान, अख्तर भोंड, खुर्शीद अहमद, शाहजहां साकरस, इसाक सरपंच, अफजल, जान मोहम्मद, यहूदा अहमद सहित काफी लोग मौजूद रहे।