विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नियम तोड़ना पड़ा भारी: बिना नंबर प्लेट और कागजात के चल रहे 31 वाहनों पर 57300 रुपये का जुर्माना

Published: Mon, 28 Sep 2026 05:49 PM (IST)

पुलिस ने तावड़ू के खोरी कलां चौकी क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 31 वाहनों का चालान किया और 57,300 रुपये का जुर्माना लगाया।

पुलिस ने चालान काटा। जागरण

पुलिस ने चालान काटा। जागरण

HighLights

  1. खोरी कलां चौकी पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।

  2. 31 वाहनों का चालान कर 57,300 रुपये जुर्माना लगाया।

  3. बिना नंबर प्लेट और 15 साल पुरानी 4 बाइक जब्त।

संवाद सहयोगी, तावड़ू। यातायात नियमों की अनदेखी कर सड़क पर वाहन चलाना वाहन चालकों को भारी पड़ रहा है। खोरी कलां चौकी पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले 31 वाहनों के आनलाइन चालान किए। इन चालानों के तहत कुल 57,300 रुपये का जुर्माना लगाया गया। 

वहीं, कार्रवाई के दौरान बिना नंबर प्लेट चल रहे वाहनों,विशेषकर भूसे से भरे ट्रैक्टरों पर पुलिस की पैनी नजर रही।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन,डीएसपी अभिमन्यु लोहान और सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार के निर्देश पर खोरी कला चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस टीम के साथ यह अभियान चलाया। जांच के दौरान कई वाहन बिना नंबर प्लेट के पाए गए।

इसके अलावा आवश्यक दस्तावेज पूरे नहीं रखने और अन्य यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान पुलिस को चार मोटरसाइकिल ऐसी मिलीं,जो निर्धारित 15 वर्ष की अवधि पूरी कर चुकी थीं। पुलिस ने चारों मोटरसाइकिलों को नियमानुसार जब्त कर लिया।

चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने वाहन चालकों से अपील की कि वे वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखें और नंबर प्लेट निर्धारित नियमों के अनुसार लगाएं।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।