विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तावड़ू में एक प्रमुख रास्ते का निर्माण शुरू, शिव मंदिर के लिए आना-जाना होगा आसान

Published: Tue, 27 Oct 2026 09:47 AM (IST)

तावड़ू के वार्ड 9 में प्राचीन शिव मंदिर केसरी दास बगीची को जोड़ने वाली गली और नाले का निर्माण कार्य ...और पढ़ें

मंदिर के लिए जाने वाला रास्ता का निर्माण शुरू। जागरण

मंदिर के लिए जाने वाला रास्ता का निर्माण शुरू। जागरण

HighLights

  1. तावड़ू के वार्ड 9 में गली-नाले का निर्माण शुरू।

  2. प्राचीन शिव मंदिर केसरी दास बगीची तक पहुंच आसान होगी।

  3. 32 लाख रुपये की लागत से जलभराव समस्या का समाधान।

संवाद सहयोगी, तावड़ू (मेवात)। मेवात में नगर के वार्ड नंबर 9 स्थित शिव कॉलोनी में लंबे समय से चली आ रही गली निर्माण की मांग अब पूरी होने लगी है। प्राचीन शिव मंदिर केसरी दास बगीची को जोड़ने वाले रास्ते पर गली और नाले के निर्माण का कार्य शुक्रवार से शुरू कर दिया गया।

निर्माण कार्य पर करीब 32 लाख रुपये की लागत आएगी। टेंडर संबंधित ठेकेदार को आवंटित होते ही कार्य शुरू कर दिया गया है। शहर के लोगों को अब शिव मंदिर पर आने-जाने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।

वहीं, मंदिर के इस रास्ते के निर्माण को लेकर दैनिक जागरण कई बार लोगों की समस्या को नपा प्रशासन के समक्ष रख चुका है, नपा की तरफ से की गई कार्रवाई को लेकर लोगों ने दैनिक जागरण का आभार जताया है।

परेशानी का सामना करना पड़ रहा

करीब डेढ़ सौ मीटर लंबी इस गली के निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय लोग लंबे समय से नगर पालिका प्रशासन के समक्ष समस्या उठाते आ रहे थे। गली की स्थिति खराब होने के कारण प्राचीन शिव मंदिर में भक्तों को और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वर्षा के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से समस्या और बढ़ जाती थी।

इस समस्या को दैनिक जागरण ने भी दो बार प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर के माध्यम से स्थानीय लोगों की परेशानी और गली निर्माण की आवश्यकता को सामने रखा गया था। इसके बाद नगर पालिका स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ी और टेंडर आवंटित होने के बाद अब मौके पर निर्माण कार्य शुरू हो गया है।

समाधान होने की उम्मीद

स्थानीय पार्षद पूनम देवी,कैलाश चंद, अमृतलाल,दयाचंद का कहना है कि गली के साथ नाले का निर्माण होने से जल निकासी की समस्या का भी समाधान होने की उम्मीद है। साथ ही प्राचीन शिव मंदिर केसरी दास बगीची तक पहुंचने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी।

नगर पालिका की ओर से निर्माण कार्य शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि कार्य को निर्धारित समय में पूरा किया जाएगा और निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। गली और नाले का निर्माण पूरा होने के बाद वार्ड नंबर नौ के लोगों को आवागमन के साथ जलभराव की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

बिल्कुल स्थानीय लोगों की यह पुरानी मांग थी,जिस पर कार्य शुरू कर दिया गया है। गली और रास्ते के निर्माण में करीब 32 लाख रुपये की लागत आएगी। इससे प्राचीन शिव मंदिर पर आने वाले लोगों को भी काफी राहत मिलेगी। - मोहम्मद राशिद, कनिष्ठ अभियंता नपा, तावड़ू

उन्होंने भी अपनी तरफ से भी अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया। गली निर्माण में प्रशासनिक अधिकारियों का भी पूरा सहयोग रहा। इसके लिए वह प्रशासन का आभार व्यक्त करते हैं। - सुनीता सोनी , चेयरपर्सन नपा, तावड़ू